दशहरे के मौके पर देशभर में रावण दहन का भव्य आयोजन किया गया है। दिल्ली में सबसे बड़ा और प्रसिद्ध रावण का पुतला हर साल रामलीला मैदान (दिल्ली गेट के पास) में जलाया जाता है। यहां 80 से 100 फीट ऊंचे रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतले लगाए जाते हैं। यह नजारा देखने के लिए न सिर्फ दिल्ली, बल्कि नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम से भी लोग बड़ी संख्या में पहुंचते हैं। इस साल देश का सबसे ऊंचा रावण का पुतला राजस्थान के कोटा में जलाया जाएगा, जहां इसकी ऊंचाई 215 फीट है। हरियाणा के पंचकुला में 18 लाख की लागत से बने रावण के पुतले का दहन किया जाएगा।
हरियाणा के रेवाड़ी में प्रदेश का सबसे ऊंचा रावण का पुतला जलाया जाएगा, जिसकी ऊंचाई करीब 125 फीट है। इसके अलावा दिल्ली के द्वारका, करोल बाग और पटेल नगर जैसे इलाकों की रामलीलाओं में भी रावण के विशाल पुतले जलाए जाते हैं। खास बात यह है कि इन आयोजनों में आतिशबाजी, सांस्कृतिक कार्यक्रम और धार्मिक झांकियां भी देखने को मिलती हैं। पिछले साल द्वारका सेक्टर-10 में 211 फीट ऊंचा देश का सबसे बड़ा रावण का पुतला जलाया गया था, जिसे बनाने में करीब चार महीने लगे थे।
यह भी पढ़ें- नवरात्रि और दशहरा की बधाई देनी है? Google Gemini यूं करेगा मदद
कोटा में जलेगा देश का सबसे बड़ा रावण

कोटा का यह रावण देश के सबसे ऊंचे पुतले में गिना जाएगा। इसकी खासियत यह है कि तेज बारिश और हवाओं के बावजूद इसमें कोई नुकसान नहीं होगा। रावण का चेहरा 25 फीट ऊंचा है और वजन करीब 3 क्विंटल है। इसके जूते 40 फीट लंबे, मुकुट 60 फीट और तलवार 50 फीट की बनाई गई है। कुल मिलाकर इस रावण के पुतले की ऊंचाई 215 फीट है। इस रावण का दहन रिमोट से किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: जेमिनी से बनाएं भगवान राम-सीता के लुक में तस्वीरें, लिखें ये प्रॉम्प्ट
दिल्ली में रावण का पुतला

पिछले साल द्वारका सेक्टर-10 में 211 फीट ऊंचा देश का सबसे बड़ा रावण का पुतला जलाया गया था, जिसे बनाने में करीब चार महीने लगे थे। इस बार भी यहां दिल्ली-NCR का सबसे बड़ा पुतला जलाया जाएगा। यह पुतला श्री रामलीला सोसाइटी के जरिए तैयार किया गया है और बताया गया है कि इसके निर्माण में ज्यादा खर्च हुआ है। दर्शकों की सुविधा के लिए लोकेशन आसान है, आप सीधे द्वारका सेक्टर-10 मेट्रो स्टेशन उतरकर यहां पहुंच सकते हैं।
हरियाणा में रावण का पुतला

हरियाणा के पंचकूला में विजयादशमी (दशहरा) उत्सव में एक ऐतिहासिक और भव्य रावण दहन का आयोजन किया गया है। इस साल, पंचकूला के शालीमार ग्राउंड, सेक्टर 5 में स्थापित रावण का पुतला 180 फीट ऊंचा है, जो त्रिसिटी क्षेत्र का सबसे ऊंचा रावण पुतला है। इसके साथ ही 100 फीट ऊंचे मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतले भी जलाए जाएंगे। इन पुतलों के निर्माण में लगभग 18 लाख की लागत आई है। इस भव्य आयोजन में लगभग 5,000 पटाखे लगाए गए हैं।