25 दिसंबर 2025 को दुनिया की तबाही की भविष्यवाणी करने वाला स्वयंभू पैगंबर आखिर पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। घाना पुलिस ने फर्जी भविष्यवाणी करने के आरोप में इवांस एशुन उर्फ 'इबो नोआ' को पकड़ लिया है। पुलिस हिरासत में उसकी एक तस्वीर सामने आई है। उसने बोरे से बने कपड़े और हाथ में हथकड़ी पहन रखी है।
अफ्रीकी देश घाना का रहने वाला इवांस एशुन उस वक्त चर्चा में आया, जब उसने 25 दिसंबर को भीषण बाढ़ से पूरी दुनिया के खत्म होने की भविष्यवाणी की। उसने दावा किया कि जो कोई उसकी नाव पर शरण लेगा, सिर्फ वही बचेगा। उसके दावे के बाद लोगों की भीड़ नाव पर सवार होने निकल पड़ी। दहशत में कई लोगों ने अपनी संपत्ति तक बेच डाली।
भविष्यवाणी से घाना में मच गई थी अफरा-तफरी
सोशल मीडिया पर स्वयंभू पैगंबर इबो नोआ के खूब वीडियो वायरल है। बड़ी संख्या में लोगों ने उसकी बात पर यकीन किया और घाना में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। उसने एक सपने को अपनी भविष्यवाणी का आधार बताया और दावा किया कि ईश्वर उसके सपने पर आए थे। उन्होंने बताया कि तीन-चार साल तक लगातार बारिश होगी और इससे दुनिया खत्म हो जाएगी।
यह भी पढ़ें: जश्न मना रहे थे लोग, तभी हो गया धमाका; स्विट्जरलैंड के बार में विस्फोट
इबो नोआ ने आगे दावा किया कि ईश्वर ने आठ जहाजों को बनाने का आदेश दिया है। इसके बाद उसने लोगों से चंदा मांगा, ताकि जहाजों को बनाया जा सके। उसका तर्क है कि इन जहाजों से लोगों को बचाया जाएगा और बाद में दुनिया को आबाद किया जाएगा।
टिकटॉक पर 10 लाख से अधिक फॉलोअर्स
जब 25 दिसंबर को दुनिया खत्म नहीं हुई तो टिकटॉक पर 10 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स वाले इबो नोआ ने दावा किया कि ईश्वर ने उसकी प्रार्थन को सुन लिया और प्रलय को टाल दिया है। एक अन्य वीडियो वह करीब 90 लाख रुपये की कीमत वाली मर्सेडीज बेंज कार में दिख रहा है।
यह भी पढ़ें: तनाव के बीच भारत-PAK ने क्यों दी एक-दूसरे को अपने परमाणु ठिकानों की जानकारी?
पुलिस ने लगाया दहशत फैलाने का आरोप
31 दिसंबर को घाना पुलिस की विशेष साइबर जांच टीम ने इबो नोआ को फर्जी भविष्यवाणी से जनता में दहशत फैलाने के आरोप में गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ फेक न्यूज के तहत कार्रवाई की जा रही है। उधर, घाना की जनता दो हिस्सों में बंट गई है। कोई इबो नोआ को ठग कह रहा तो कोई उसका बचाव कर रहा है। हालांकि उसकी कथित भविष्यवाणी की चर्चा पूरी दुनिया में खूब रही।