भारत ने ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। रविवार (8 मार्च) को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को एकतरफा अंदाज में रौंदकर तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। भारतीय टीम अब सबसे ज्यादा बार यह खिताब जीतने वाली टीम बन गई है। 

 

टीम इंडिया ने फाइनल में टॉस गंवाकर पहले बैटिंग करते हुए 5 विकेट के नुकसान पर 255 रन का स्कोर खड़ा किया और न्यूजीलैंड को 18.2 ओवर में 159 पर ही ऑलआउट कर दिया। सूर्यकुमार यादव ब्रिगेड 96 रन से जीत दर्ज कर घरेलू सरजमीं पर टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी उठाने वाली दुनिया की पहली टीम बनी।

 

भारत की इस ऐतिहासिक खिताबी जीत में संजू सैमसन, ईशान किशन और जसप्रीत बुमराह को स्टार बताया जा रहा है। सारी सुर्खियां इन्हीं खिलाड़ियों के इर्द-गिर्द है लेकिन शिवम दुबे की उतनी चर्चा नहीं है, जबकि इस खिलाड़ी ने लगभग हर मैच में परफॉर्म किया है।

 

यह भी पढ़ें: 'जय भाई ने मुझे फोन...' टी20 वर्ल्ड कप जीत के बाद गौतम गंभीर ने ये क्या कह दिया?

फाइनल में भी खेली अहम पारी

संजू सैमसन (89), अभिषेक शर्मा (52) और ईशान किशन (54) की अर्धशतकीय पारियों की से भारतीय टीम ने 15 ओवर में 200 रन का आंकड़ा पार कर लिया था। हालांकि इसके बाद जिमी नीशम ने एक ओवर में 3 विकेट लेकर पूरी कहानी बदल दी। टीम इंडिया कुछ देर पहले जहां 280 प्लस स्कोर बनाती दिख रही थी, वहीं उसका अब 250 के पार जाना मुश्किल लग रहा था लेकिन शिवम दुबे ने आखिरी ओवर में मोर्चा संभाला और 24 रन ठोककर टीम को 255 रन तक पहुंचा दिया। वह 8 गेंद में 26 रन बनाकर नाबाद रहे।

 

यह भी पढ़ें: 'कोच साहब...' टी20 वर्ल्ड कप जीत के बाद गंभीर की तारीफ में क्या बोले धोनी?

पूरे टूर्नामेंट में रहा शिवम दुबे का जलवा

उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में ऐसी ही छोटी लेकिन बहुमूल्य पारियां खेली हैं। इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में शिवम दुबे ने 25 गेंद में 43 रन जड़ने के बाद मैच के आखिरी ओवर की पहली तीन गेंद अच्छी डाली और टीम इंडिया का फाइनल का टिकट पक्का किया। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ हाई-वोल्टेज मुकाबले में 27 रन की पारी खेल टीम को मैच विनिंग टोटल तक पहुंचाया था। उनका बेस्ट प्रदर्शन नीदरलैंड्स के खिलाफ आया। शिवम दुबे ने डच टीम के सामने 31 गेंद में 66 रन ठोके और फिर 3 ओवर में 35 रन देकर 2 विकेट भी लिए। 

 

शिवम दुबे के बल्ले से इस टी20 वर्ल्ड कप में 235 रन निकले। साथ ही उन्होंने 5 विकेट भी लिए। वह टूर्नामेंट में भारत के चौथे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उनका इम्पैक्ट हार्दिक पंड्या जैसे ऑलराउंडर से भी ज्यादा रहा फिर भी वह लाइमलाइट में नहीं हैं। स्कोरकार्ड देखने पर एक-दो मैचों को छोड़कर शिवम दुबे का प्रदर्शन कुछ खास नहीं लगेगा लेकिन मैच के कॉन्टेक्स्ट में उनका योगदान बहुमूल्य रहा है। इसीलिए अब उन्होंने टीम इंडिया की खिताबी जीत का गुमनाम हीरो बताया जा रहा है।