भारतीय टीम ने लगातार तीसरी ICC ट्रॉफी जीत ली है। बारबाडोस में 2024 टी20 वर्ल्ड कप और दुबई में 2025 चैंपियंस ट्रॉफी की खिताबी जीत के बाद टीम इंडिया अहमदाबाद में भी चैंपियन बन गई है। भारत ने रविवार को खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से एकतरफा अंदाज में हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया है। टीम इंडिया की यह जीत कई मायनों में ऐतिहासिक है।
सूर्यकुमार यादव ब्रिगेड घरेलू सरजमीं पर टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली दुनिया की पहली टीम बनी। साथ ही भारतीय टीम ने अपने टी20 वर्ल्ड कप टाइटल को डिफेंड कर नया रिकॉर्ड बनाया। आज तक कोई टीम ऐसा नहीं कर सकी थी। इसके अलावा टीम इंडिया ने तीन बार टी20 का विश्व विजेता बनने का कारनामा किया।
भारतीय टीम की इस ऐतिहासिक खिताबी जीत के बाद पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने हेड कोच गौतम गंभीर की तारीफ की है। धोनी ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में गंभीर के लिए कुछ ऐसा लिखा है, जिसने सोशल मीडिया पर सनसनी मचा दी है।
यह भी पढ़ें: 'जय भाई ने मुझे फोन...' टी20 वर्ल्ड कप जीत के बाद गौतम गंभीर ने ये क्या कह दिया?
गंभीर के लिए क्या बोले धोनी?
टीम इंडिया की खिताबी जीत के बाद धोनी ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, 'अहमदाबाद में इतिहास रच दिया गया। टीम, सपोर्ट स्टाफ और दुनिया भर में मौजूद भारतीय क्रिकेट टीम के सभी फैंस को बहुत-बहुत बधाई। आप सभी को खेलते देखना बेहद सुखद अनुभव था।' धोनी फाइनल मैच के दौरान स्टेडियम में मौजूद थे। उन्हें रोहित शर्मा और ICC चेयरमैन जय शाह के साथ VIP बॉक्स में देखा गया।
भारत को 2007 में टी20 वर्ल्ड कप चैंपियन बनाने वाले धोनी ने गंभीर की तारीफ में लिखा, 'कोच साहब, स्माइल आप पर बहुत अच्छी लग रही है। स्माइल के साथ इंटिसिटी एक किलर कॉम्बो है। बहुत बढ़िया।' धोनी का गंभीर के लिए यह लिखना लोगों को हैरान कर रहा है। ऐसा इसलिए, क्योंकि सोशल मीडिया पर लोग आए दिन धोनी और गंभीर के बीच मनमुटाव का दावा करते रहते हैं। हालांकि इन दोनों दिग्गजों ने कई मौकों पर इन अफवाहों को गलत साबित किया है।
यह भी पढ़ें: अहमदाबाद, संडे, टाइटल डिफेंड नहीं हुआ... आज सभी मिथक टूटे, चैंपियन बना भारत
'बुमराह चैंपियन बॉलर'
भारत ने पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर 5 विकेट के नुकसान पर 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था। संजू सैमसन (89), ईशान किशन (54) और अभिषेक शर्मा ने अर्धशतकीय पारियां खेली। इसके बाद जसप्रीत बुमराह ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 15 रन देकर 4 विकेट झटके, जिससे टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 159 रन ही ढेर कर दिया। बुमराह को प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया। धोनी ने बुमराह को चैंपियन बॉलर कहा। उन्होंने बुमराह के लिए लिखा, 'बुमराह के बारे में कुछ ना लिखूं तो ही अच्छा है। चैंपियन बॉलर।'