• AHMEDABAD
09 Mar 2026, (अपडेटेड 09 Mar 2026, 2:32 AM IST)
टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 की जीत के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कई चीजों पर बात की। इस बीच उन्होंने जय शाह को लेकर बड़ा खुलासा किया।
टी20 वर्ल्ड कप जीत के बाद गौतम गंभीर और सूर्यकुमार यादव, Photo Credit: Screengrab via JioHotstar
भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीत लिया। टीम इंडिया घरेलू सरजमीं पर टी20 की वर्ल्ड चैंपियन बनने वाली दुनिया की पहली टीम बनी। साथ ही भारतीय टीम ने लगातार दूसरी बार ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। यह भी पहली बार हुआ। रविवार (8 मार्च) को अहमदाबाद में भारत की इस ऐतिहासिक जीत के बाद हेड कोच गौतम गंभीर ने अपने आलोचकों पर करारा हमला किया।
गंभीर ने कहा कि उनकी जवाबदेही सोशल मीडिया पर लोगों के लिए नहीं है। उन्होंने कहा कि वह ड्रेसिंग रूम में मौजूद लोगों के प्रति ही जवाबदेह हैं। साथ ही गंभीर ने कप्तान सूर्यकुमार यादव और चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर की भी तारीफ की। इसके अलावा उन्होंने BCCI के पूर्व सचिव और ICC के मौजूदा चेयरमैन जय शाह को शुक्रिया कहा। गंभीर ने खुलासा किया कि उनके कोचिंग कार्यकाल के सबसे खराब दौर में जय शाह ने उन्हें फोन किया था।
गंभीर ने मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में कहा, 'मेरी जवाबदेही सोशल मीडिया पर लोगों के लिए नहीं है। मेरी जवाबदेही उन 30 लोगों के लिए है जो चेंज रूम में हैं।' उन्होंने आगे कहा, 'अजीत अगरकर ने काफी आलोचना झेली और पूरी ईमानदारी से काम किया। जय भाई ने मेरे कार्यकाल के सबसे खराब दौर में मुझे फोन किया।'
गंभीर ने सूर्या की तारीफ करते हुए कहा, 'सूर्या ने मेरा काम आसान कर दिया। वह पितातुल्य कप्तान की तरह है। बड़ा लक्ष्य ट्रॉफी जीतना है, उपलब्धियां नहीं। हमने कई साल तक पर्सनल माइलस्टोन को सेलिब्रेट किया। मैं आप लोगों से आग्रह करूंगा कि पर्सनल माइलस्टोन को सेलिब्रेट करना छोड़ें।'
इन दो दिग्गजों के नाम किया टी20 वर्ल्ड कप
गौतम गंभीर ने भारत की टी20 वर्ल्ड कप जीत को राहुल द्रविड़ और वीवीएस लक्ष्मण के नाम किया। गंभीर से पहले राहुल द्रविड़ टीम इंडिया के हेड कोच थे। उन्होंने 2024 में टीम को चैंपियन बनाकर ICC ट्रॉफी का सूखा खत्म किया था। वहीं लक्ष्मण लंबे समय से BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) को लीड कर रहे हैं। गंभीर ने कहा, 'कोच टीम से बनता है। खिलाड़ियों ने मुझे वह कोच बनाया, जो मैं हूं।'
उन्होंने आगे कहा, 'मैं यह ट्रॉफी राहुल द्रविड़ और वीवीएस लक्ष्मण को डेडिकेट करता हूं। राहुल भाई को भारतीय टीम को इस मुकाम तक लाने के लिए और लक्ष्मण को CoE में खिलाड़ियों की पाइपलाइन बनाने के लिए।'
ट्रॉफी के साथ गौतम गंभीर और सूर्यकुमार यादव, Photo Credit: BCCI/X
गंभीर की तारीफ में क्या बोले सूर्या?
सूर्या ने कहा, 'मैंने गौतम गंभीर की कप्तानी में चार साल (KKR के लिए) खेला। हमारे बीच कभी बहस नहीं हुई, क्योंकि साझा लक्ष्य टीम को जिताना था। हमारी दोस्ती ऐसे ही हुई। वह दो कदम चले और मैं दो कदम।' उन्होंने कहा, 'मैं यह नहीं कहूंगा कि व्हाइट बॉल क्रिकेट में यह भारत का दौर है। ऐसा होता तो हम पिछली तीन में से दो वनडे सीरीज नहीं हारते। मैंने भरोसे पर टीम चुनी, उम्मीद पर नहीं।'