ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारतीय टीम के टॉप-3 बल्लेबाजों ने गदर काट दिया। अभिषेक शर्मा ने 21 गेंद में 52 रन ठोके, तो संजू सैमसन ने 49 गेंद में 89 रन जड़ दिए। बर-3 पर उतरे ईशान किशन ने 25 गेंद में 54 रन की पारी खेली। संजू-अभिषेक ने पहले विकेट के लिए 7.1 ओवर में 98 रन की साझेदारी की।
अभिषेक के आउट होने के बाद संजू ने ईशान किशन के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 105 रन जोड़े, जिससे टीम का स्कोर 15 ओवर में 203 रन तक पहुंच गया था। विकेट सिर्फ 1 ही गिरा था। ऐसे में टीम इंडिया 280 प्लस स्कोर बनाती दिख रही थी लेकिन जिमी नीशम ने 16वें ओवर में पूरी कहानी बदल दी।
यह भी पढ़ें: 'कप घर ही लाना है' महिला टीम ने बढ़ाया सूर्या एंड कंपनी का हौसला, वीडियो वायरल
नीशम ने झटके 3 विकेट
दाएं हाथ के मिडियम पेसर नीशम ने पहली गेंद पर संजू का विकेट झटका। संजू ने लो फुल टॉस पर छक्का जड़ना चाहा लेकिन वह लॉन्ग ऑन को क्लियर नहीं कर पाए। नीशम ने इसके बाद ईशान को भी लो फुल टॉस गेंद पर लॉन्ग ऑन के हाथों लपकवाया। दो सेट बल्लेबाजों के आउट होने के बाद भारतीय टीम ने इस ओवर की आखिरी गेंद पर कप्तान सूर्यकुमार यादव का भी विकेट गंवा दिया।
नंबर-5 पर उतरे सूर्या ने बाहर की पटकी हुई गेंद पर अपना पसंदीदा पिक-अप फ्लिक शॉट लगाया, जो डीप बैकवर्ड स्वेयरलेग की दिशा में हवा में टंग गई। रचिन रवींद्र ने अपनी दाईं ओर दौड़ लगाई और हैरतअंगेज कैच लपक भारतीय कप्तान को गोल्डन डक पर पवेलियन लौटने के लिए मजबूर कर दिया।
यह भी पढ़ें: पृथ्वी शॉ ने कर ली सगाई, जानिए कौन हैं मंगेतर आकृति अग्रवाल?
गंभीर-सूर्या से हुआ बड़ा ब्लंडर
एक ओवर में 3 विकेट गिरने से भारतीय टीम की पारी लड़खड़ाई गई। इसके बाद हार्दिक पंड्या और तिलक वर्मा अगले दो ओवर में रन बनाने के लिए जूझते दिखे। टीम इंडिया अब 250 के करीब भी पहुंचती नहीं दिख रही थी। हार्दिक-तिलक बड़े शॉट लगाने के लिए तरस रहे थे। वहीं इन-फॉर्म शिवम दुबे डगआउट में बैठे थे। उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में हेड कोच गौतम गंभीर और कप्तान सूर्या ने चौथे नंबर पर प्रमोट किया था लेकिन यहां वह 4 विकेट गिरने के बाद भी अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। गंभीर और सूर्या बड़ा ब्लंडर कर चुके थे और फाइनल जैसे मैच में यह महंगा पड़ सकता था।
इस बीच 19वें ओवर में हार्दिक छक्का लगाने के बाद आउट हुए और शिवम दुबे को क्रीज पर आने का मौका मिला। उन्होंने पहली 2 गेंद पर 2 रन बनाए और फिर आखिरी ओवर में बताया कि वह क्या कर सकते हैं। शिवम दुबे ने जिमी नीशम के खिलाफ पहली गेंद पर चौका, इसके बाद लगातार दो छक्के और फिर चौका जड़ भारत को 250 के पार पहुंचाया। उन्होंने पांचवीं गेंद पर सिंगल लेने से मना किया और फिर आखिरी गेंद पर भी चौका लगाया, जिससे मोमेंटम वापस भारत के पास आ गया। शिवम दुबे 8 गेंद में 3 चौके और 2 छक्कों की मदद से नाबाद 26 रन बनाकर नाबाद लौटे।