logo

ट्रेंडिंग:

कर्नाटक में सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार के बीच बढ़ रहा विवाद? BJP ने किया दावा

नेता प्रतिपक्ष ने दावा किया है कांग्रेस में अंदरूनी खींचतान खुलकर सामने आने लगी है। ‘कुशासन’ से जनता नाराज़ है जीबीए चुनावों में भाजपा को क्लीन स्वीप का भरोसा दिलाया है।

news image

सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार । Photo Credit: PTI

शेयर करें

संबंधित खबरें

Advertisement
Group2

कर्नाटक की सियासत एक बार फिर करवट लेती दिख रही है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आर अशोक ने सत्तारूढ़ कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए दावा किया है कि पार्टी के भीतर मुख्यमंत्री पद को लेकर खींचतान फिर से खुलकर सामने आ गई है। उनके मुताबिक, यह टकराव मौजूदा मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के बीच 'जंग' का रूप ले चुका है।

 

अशोक ने कांग्रेस सरकार पर ‘कुशासन’ और ‘कुप्रशासन’ के आरोप लगाते हुए भरोसा जताया कि भारतीय जनता पार्टी इस साल के अंत में होने वाले ग्रेटर बेंगलुरु प्राधिकरण (जीबीए) चुनावों में सभी पांच नगर निगमों में जीत दर्ज करेगी।

 

यह भी पढ़ें: BMC को मिलेगी महिला मेयर तो ठाणे को SC, देखें महाराष्ट्र नगर निकाय की पूरी लिस्ट

फिर तेज हुई खींचतान

आर अशोक ने शुक्रवार को कहा है कि मुख्यमंत्री की कुर्सी को लेकर संघर्ष एक बार फिर शुरू हो गया है। उन्होंने दावा किया, 'डीके बनाम सिद्धारमैया मुख्यमंत्री पद के लिए जंग फिर सामने आ गई है। ' उनके अनुसार, यह विवाद तब और गहरा हो गया जब मुख्यमंत्री के बेटे और विधान परिषद सदस्य यतींद्र सिद्धारमैया ने यह बयान दिया कि उनके पिता पूरे पांच साल का कार्यकाल पूरा करेंगे।

 

अशोक ने कहा कि जब कांग्रेस के नेता और विधायक लगातार यह कहते रहे हैं कि नेतृत्व को लेकर अंतिम फैसला पार्टी आलाकमान का होगा, तब यतींद्र का यह बयान कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि इससे यह संकेत मिलता है कि यतींद्र किसे असली आलाकमान मानते हैं। बीजेपी नेता के मुताबिक, यही बयान कांग्रेस के भीतर चल रही अंदरूनी खींचतान को उजागर करता है।

कांग्रेस का आलाकमान पर तीखा हमला

पत्रकारों से बातचीत के दौरान आर अशोक ने दिल्ली में बैठे कांग्रेस आलाकमान को 'मृत, शक्तिहीन और मूल्यहीन' करार दिया है। उनका कहना था कि विधानसभा सत्र खत्म होने के बाद मुख्यमंत्री पद को लेकर यह संघर्ष रोजमर्रा की राजनीति का हिस्सा बन जाएगा और पार्टी के भीतर अस्थिरता और बढ़ेगी।

 

अशोक ने जोर देकर कहा कि आने वाले स्थानीय निकाय चुनावों में जनता कांग्रेस को उसके ‘कुशासन’ और ‘कुप्रशासन’ के लिए  सबक सिखाएगी। उन्होंने दावा किया कि ग्रेटर बेंगलुरु प्राधिकरण के अंतर्गत आने वाले सभी पांच नगर निगमों में बीजेपी जीत दर्ज करेगी और यह परिणाम राज्य की राजनीति की दिशा तय करेगा।

 

यह भी पढ़ें: हाथ जोड़ा और 17वीं मंजिल से लगा दी छलांग, बेकरी मालिक की आत्महत्या बनी गुत्थी

क्या है विवाद की जड़?

दरअसल, यतींद्र सिद्धारमैया ने हाल ही में कहा था कि पार्टी आलाकमान ने स्पष्ट संकेत दे दिया है कि राज्य में नेतृत्व परिवर्तन नहीं होगा और सिद्धारमैया पूरे पांच साल तक मुख्यमंत्री बने रहेंगे। इसी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा नेता आर अशोक ने कांग्रेस के भीतर सत्ता संघर्ष का मुद्दा उठाया और इसे आने वाले समय में और तेज होने वाला बताया।


और पढ़ें

design

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap