कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को बिहार के नालंदा में अपनी चुनावी रैली में केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र किया और दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पास ट्रंप से भिड़ने की हिम्मत नहीं है। इसके अलावा गांधी ने बिहार के सीएम नीतीश कुमार पर भी निशाना साधा। उनका कहना है कि बिहार की सरकार रिमोट कंट्रोल से चल रही है।
अपने संबोधन में राहुल गांधी ने कहा, 'अमेरिका के राष्ट्रपति ने 50 बार हिंदुस्तान के प्रधानमंत्री का अपमान किया। उसने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर बंद करो और दो दिन के अंदर नरेंद्र मोदी ने सिर झुकाकर ऑपरेशन सिंदूर बंद कर दिया। यह अमेरिका का राष्ट्रपति कह रहा है। अमेरिका का राष्ट्रपति कह रहा है कि 7 हवाई जहाज गिरे हैं। नरेंद्र मोदी में इतनी हिम्मत नहीं है कि वह कह दे कि अमेरिका का राष्ट्रपति झूठ बोल रहा है। मोदी को अमेरिका जाना था, मगर डर गए और वहां नहीं जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: 'कट्टा, क्रूरता, कटुता...' कांग्रेस-RJD को 'शब्दों' पर घेर रहे पीएम मोदी
'बिहार के खून-पसीने से बना दुबई'
राहुल गांधी ने आगे कहा, 'जहां भी मैं जाता हूं, वहां हमें बिहार के लोग दिखाई देते हैं। बिहार के लोगों ने दुबई जैसी जगह को अपने खून-पसीने से बनाया है। देश के सड़क, पुल और इमारतों को बिहार के लोग बनाते हैं। अगर आप दुबई, बेंगलुरु और मु्ंबई जैसे शहर बना सकते हो तो यह आप बिहार में क्यों नहीं कर पा रहे हो, बिहार में क्या कमी है कि यहां की जनता की ऊर्जा और क्षमता बिहार को बनाने में नहीं लग रही है?'
राहुल गांधी ने किया पेपर लीक का जिक्र
राहुल गांधी ने अपने भाषण में नालंदा की विश्वविख्यात यूनिवर्सिटी का जिक्र किया। उन्होंने कहा, 'एक समय था जब नालंदा विश्वविद्यालय पूरी दुनिया में मशहूर था। जापान, कोरिया, चीन और इंग्लैंड से लोग यहां पढ़ाई करने आते थे। नालंदा दुनिया की शिक्षा का केंद्र था। आज दूसरे प्रदेशों में बिहार के स्कूल-कॉलेज और यूनिवर्सिटी के बारे में पूछिए तो लोग कहते हैं कि बिहार में सिर्फ पेपर लीक होता है। बिहार का युवक इंजीनियर, डॉक्टर, वकील बनने का सपना देखता है। मजदूरी करके बिहार के लोग अपने बच्चों को पढ़ाते हैं। महीनों की मेहनत के बाद परीक्षा से एक-दो दिन पहले रिश्तेदार और दोस्तों को पेपर मिल जाता है और बिहार का ईमानदार युवा देखता ही रह जाता है। यह सच्चाई है।'
यह भी पढ़ें: बिहार चुनाव: कौन हैं वे लोग जिनसे घर-घर जाकर करवाई जा रही वोटिंग?
राहुल गांधी ने बिहार के सीएम नीतीश कुमार पर हमला बोला। कहा कि नीतीश कुमार का रिमोट कंट्रोल नरेंद्र मोदी के पास है। लोग यह न सोचे कि सरकार नीतीश कुमार चलाते हैं। सरकार नरेंद्र मोदी, अमित शाह और नागपुर चलाता है।
नालंदा में बनाएंगे दुनिया का सबसे अच्छा विश्वविद्यालय: राहुल गांधी
राहुल गांधी ने वादा किया कि अगर बिहार में इंडिया ब्लॉक की सरकार बनी तो यह किसानों, मजदूरों, दलितों और कमजोर वर्ग की सरकार होगी। इसमें सभी समुदायों का प्रतिनिधित्व होगा। आरोप लगाया कि केंद्र और बिहार सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों के कारण ही युवा रोजगार की तलाश में अन्य प्रदेश जाते हैं। अगर इंडिया ब्लॉक की सरकार बनी तो बिहार सिर्फ मजदूरों की सप्लाई करने वाला राज्य नहीं रहेगा। हमारी सरकार में नालंदा में दुनिया का सबसे अच्छा विश्वविद्यालय बनाया जाएगा।
