अक्षय कुमार और निर्देशक प्रियदर्शन की ब्लॉकबस्टर जोड़ी 16 साल बाद फिल्म 'भूत बंगला' के जरिए वापसी कर रही है लेकिन इस प्रोजेक्ट के ऐलान के साथ ही सोशल मीडिया पर फिल्म की कास्टिंग सुर्खियां बटोर रही है। फिल्म में 58 साल के अक्षय कुमार के साथ 32 साल की वामिका गब्बी को मुख्य भूमिका में लिया गया है, जिसके चलते बॉलीवुड में हीरो और हीरोइन के बीच के 'एज गैप' पर नई बहस छिड़ गई है।

 

जब अक्षय कुमार से इस 26 साल के अंतर पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने बहुत सादा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि इसमें कुछ भी नया नहीं है और फिल्मों में ऐसा पहले भी होता रहा है। अक्षय का मानना है कि असल जिंदगी में भी कई लोग अपने से बहुत छोटे या बड़े पार्टनर के साथ रहते हैं, इसलिए इसे इतना बड़ा मुद्दा नहीं बनाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि हॉलीवुड की फिल्मों में भी ऐसा अक्सर देखा जाता है।

 

यह भी पढ़ें: 'रोमांस होता तो बच्चे हो गए होते...', चिराग से अफेयर पर क्या बोल गईं कंगना?

अक्षय कुमार की पिछली फिल्में

यह पहली बार नहीं है जब अक्षय कुमार अपनी आधी उम्र की अभिनेत्रियों के साथ फिल्म कर रहे हैं। उन्होंने 'अतरंगी रे' में सारा अली खान 28 साल का अंतर, 'पृथ्वीराज' में मानुषी छिल्लर 29 साल का अंतर और 'सरफिरा' में राधिका मदान 27 साल का अंतर के साथ काम किया है। साल 2016 के बाद से अक्षय की ज्यादातर फिल्मों में उनकी हीरोइनें उनसे 20 से 30 साल छोटी रही हैं।

खान सुपरस्टार्स का ट्रेंड

उम्र के बड़े फासले का यह चलन बॉलीवुड के तीनों खानों की फिल्मों में भी साफ दिखता है। सलमान खान फिल्म 'सिकंदर' में 29 साल की रश्मिका मंदाना के साथ नजर आए हैं, जबकि सलमान खुद 60 साल के हैं। शाहरुख खान ने 'पठान' और 'जवान' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में दीपिका पादुकोण और नयनतारा के साथ काम किया है, जिनके बीच करीब 20 साल का अंतर है। आमिर खान ने भी 'ठग्स ऑफ हिंदोस्तान' जैसी फिल्मों में अपने से बहुत छोटी हीरोइनों के साथ स्क्रीन शेयर की है।

अजय देवगन और रणवीर सिंह

57 साल के अजय देवगन ने फिल्म 'दे दे प्यार दे' में 35 साल की रकुल प्रीत सिंह के साथ काम किया था और उन दोनों के बीच भी 22 साल का अंतर है। अजय की हालिया फिल्मों में भी इसी तरह का ट्रेंड देखने को मिला है। वहीं 40 साल के रणवीर सिंह अपनी फिल्म 'धुरंधर' में 20 साल की सारा अर्जुन के साथ नजर आए हैं और इन दोनों कलाकारों की उम्र में भी पूरे 20 साल का अंतर है। यह आंकड़े बताते हैं कि बॉलीवुड के लगभग सभी बड़े सुपरस्टार्स अपनी उम्र से काफी छोटी हीरोइनों के साथ फिल्में कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें: रामायण की कहानी में GST और डॉलर का जिक्र करके फंसे प्रकाश राज, हो गई FIR

इंडस्ट्री का सच

इस पूरे मामले में एक कड़वा सच यह है कि बॉलीवुड में हीरो तो 60 साल की उम्र तक लीड रोल करते रहते हैं लेकिन हीरोइनों के लिए ऐसा नहीं है। महिलाओं को 35 साल की उम्र पार करते ही अक्सर साइड रोल या मां-बहन के किरदार दिए जाने लगते हैं। 'भूत बंगला' फिल्म को लेकर हो रही यह बहस इसी भेदभाव और लोगों की बदलती सोच को दिखाती है कि अब लोग पर्दे पर सही मेल देखना चाहते हैं।