जानी-मानी गायिका आशा भोसले (92) को शनिवार को हार्ट और सांस की समस्या के चलते ब्रीच कैंडी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार उनकी हालत बहुत गंभीर है। आशा भोसले पिछले कई महीनों से बीमार चल रही थीं। परिवार की ओर से अभी तक उनके स्वास्थ्य को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। उनकी सेहत और मौजूदा हालत के बारे में और जानकारी का इंतजार है।


आशा भोसले हिंदी सिनेमा की सबसे सफल और लोकप्रिय गायिकाओं में से एक हैं। उनके करियर में आठ दशक से ज्यादा का समय शामिल है। उन्होंने कई भारतीय भाषाओं में गाने गाए हैं और ढेर सारे पुरस्कार जीते हैं। उन्हें दादासाहेब फाल्के अवॉर्ड और पद्म विभूषण (2008) से सम्मानित किया जा चुका है। उन्होंने कई प्रसिद्ध गाने गाए हैं जैसे - दिल चीज़ क्या है, इन आंखों की मस्ती के, ये क्या जगह है दोस्तों, जब भी मिलती है और जुस्तजू जिसकी थी आदि।

 

यह भी पढ़ें: 91 साल की आशा भोसले ने 'तौबा-तौबा' पर किया डांस, वीडियो वायरल

पुराने गाने सुनती हैं

2023 में एक मीडिया हाउस से बातचीत में आशा भोसले ने कहा था, 'मैं सच बोलूं तो आज के गाने मैं सुनती ही नहीं हूं। अगर गाने सुनने हों तो मैं (स्वर्गीय) भीमसेन जोशी के गाने, शास्त्रीय संगीत और ग़ज़लें सुनती हूं। इससे मुझे सीखने, अपनी आवाज़ को निखारने और अभ्यास करने में मदद मिलती है।'

 

उन्होंने आगे कहा, 'आजकल अच्छे बोल वाले गाने कम मिलते हैं, लेकिन कभी-कभी राहत फतेह अली खान, सुनिधि चौहान जैसे गायकों के कुछ अच्छे गाने सुन लेती हूं। वरना ज्यादातर पुराने गाने ही सुनती हूं।'

 

यह भी पढ़ें: हनी सिंह और बादशाह की बढ़ी मुश्किलें, अब हटाना होगा 'वॉल्यूम 1' गाना

तबू का आशा जी को भावुक संदेश

कुछ दिन पहले अभिनेत्री तबू ने आशा भोसले द्वारा उनके जन्मदिन पर दिए गए गिटार के उपहार की याद साझा की। इंस्टाग्राम पर तस्वीरें पोस्ट करते हुए तबू ने लिखा, 'मेरे सबसे यादगार दिनों में से एक... आशा जी का दिया हुआ यह गिटार मेरे लिए बहुत खास है। मैं उनके गानों के जरिए प्यार, दर्द और जुनून महसूस करती रही हूं। मैं इस गिटार को हमेशा संभालकर रखूंगी और जल्द ही आशा है कि मैं आशा जी को उनके ही गाने पर इसे बजा कर सुना पाऊंगी।'