सोशल मीडिया पर इजरायल का एक वीडियो वायरल है। इसमें रात के अंधेरे में सुदूर इलाके में एक बड़ा धमाका होते दिख रहा है। आसमान पर मशरूमनुमा एक आकृति भी दिखी। गाजा, लेबनान और ईरान युद्ध के बीच पहली बार इजरायल की धरती पर इतना बड़ा धमाका रिकॉर्ड किया गया। धमाके के बाद पूरे बेत शेमेश शहर में हड़कंप मच गया। हर को सहम उठा। सोशल मीडिया पर तरह-तरह की कयासबाजी शुरू हो गई।
ईरान के साथ जंग में बेत शेमेश शहर पर कई बार हमला हो चुका है। इस कारण से भी आम जनता में खौफ फैल गया कि कहीं ईरान ने तो कोई हमला नहीं कर दिया है। एक मार्च को ईरान के बैलेस्टिक मिसाइल हमले में नौ लोगों की जान गई थी। वहीं 40 से अधिक लोग घायल हुए थे। इजरायली मीडिया के मुताबिक यरूशलेम के नजदीक बसे बेत शेमेश शहर में यह हमला रात करीब साढ़े 11 बजे हुआ।
यह भी पढ़ें: दहला मिडिल ईस्ट! अबू धाबी के न्यूक्लियर प्लांट पर ड्रोन अटैक, किसने किया हमला?
किसने किया यह धमाका?
तमाम अटकलों और कयासबाजी के बाद इजरायल की सरकारी कंपनी टोमर डिफेंस फर्म ने एक बयान जारी किया। उसने बताया कि यह धमाका एक पहले से तय परीक्षण का हिस्सा था। अधिकारियों को पहले ही इसकी जानकारी दे दी गई थी। योजना के मुताबिक परीक्षण को अंजाम दिया गया। टोमर डिफेंस फर्म एरो एयर डिफेंस सिस्टम, रॉकेट और मिसाइलों के इंजन बनाती है।
इजरायल के कान और चैनल 12 ने सूत्रों के हवाले से बताया कि यह धमाका सुनियोजित और नियंत्रित था। 2021 में भी कारखाने में ऐसा ही बड़ा धमाका हुआ था। तब भी कंपनी ने इसे नियोजित टेस्ट बताया था।
यह भी पढ़ें: कौन था ISIS का दूसरा बड़ा कमांडर अबू मिनुकी, जिसको मारने का दावा कर रहे ट्रंप?
युद्धविराम टूटने का खतरा
अमेरिका और इजरायल ने एक साथ मिलकर 28 फरवरी को ईरान पर हमला किया था। ईरान की मिसाइल और परमाणु ताकत को कम करना ही इन हमलों का लक्ष्य था। तीनों पक्षों की बीच करीब 40 दिनों तक जंग चली। हालांकि बाद में अमेरिका ने एक पक्षीय युद्धविराम का ऐलान किया। अब दुनियाभर में आशंका जताई जा रही है कि किसी भी वक्त यह नाजुक युद्धविराम टूट सकता है।
