ईरान की बैलेस्टिक मिसाइलों ने रविवार को इजरायल में भीषण तबाही मचाई है। यरुशलम के नजदीक बेत शेमेश में ईरानी हमले में 9 लोगों की जान गई और 28 लोग घायल हैं। इनमें दो की हालत नाजुक बनी है। हमले में आश्रय स्थल, घरों और एक यहूदी प्रार्थना स्थल को भारी नुकसान पहुंचा है। 

 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दोपहर करीब दो बजे ईरान ने बैलेस्टिक मिसाइल से हमला किया। इजरायल का एयर डिफेंस सिस्टम इसे रोकने में नाकामयाब रहा। इजरायली वायुसेना इसकी जांच में जुटी है। मौजूदा संघर्ष में इजरायल के कुल 121 नागरिक घायल हैं। वहीं राजधानी तेल अवीव में 40 से अधिक इमारतों को नुकसान पहुंचा है।

 

 

 

 

यह भी पढ़ें: जिसका डर था, वही हो गया; ईरान ने अमेरिकी एयरक्रॉफ्ट कैरियर पर कर दिया बड़ा हमला

 

इजरायली सेना ने बेत शेमेश में हेलीकॉप्टरों को तैनात किया है। घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य जारी है। यरूशलेम जिला पुलिस प्रमुख के डिप्टी कमिश्नर अवशालोम पेल्ड ने बताया कि मिसाइल हमले में मारे गए लोगों में से अधिकांश सार्वजनिक आश्रय स्थल के अंदर थे। शायद मिसाइल सीधे लगी और आश्रय स्थल हमले को झेल नहीं पाया।  यह पिछले साल 12 दिनों की जंग के बाद सबसे घातक हमला है। पिछले साल भी बात याम के एक अपार्टमेंट में मिसाइल अटैक में भी 9 लोगों की जान गई थी।

 

 

 

24 घंटे के युद्ध में कहां- कितने की गई जान?

मौजूदा संघर्ष में सबसे अधिक नुकसान ईरान को उठाना पड़ रहा है। सुप्रीम लीडर समेत अब तक 201 लोगों की जान गई है। 747 से अधिक लोग घायल हैं। इजरायल और अमेरिका ने संयुक्त तौर पर ईरान के 24 प्रांत में 1200 से अधिक बमों की बारिश की है। 

 

 

 

 

यह भी पढ़ें: दुबई पर कहर बरपा रहा ईरान, कई जगह धमाके; फंसे भारतीय क्या करें?

 

बहरीन में ईरानी हमले में चार लोग घायल हुए हैं। ईराक में एक एयर स्ट्राइक में दो लोगों की जान गई और 5 अन्य घायल हैं। जॉर्डन पर ईरान ने 49 बैलेस्टिक मिसाइल और ड्रोन से हमला किया था। मगर यहां कोई हताहत नहीं है। कुवैत में ईरानी ड्रोन हमले में एक व्यक्ति की मौत हुई और 32 से अधिक लोग घायल हैं। यहां ईरान ने कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर ड्रोन से हमला किया था। ओमान में पांच और कतर में 16 लोग घायल हुए हैं।  

 

 

 

 

संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में तीन लोगों की मौत हुई है। 58 अन्य घायल हैं। संयुक्त अरब अमीरात के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक ईरान ने 165 बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया था। इनमें से 152 को हवा में ही नष्ट कर दिया गया है।