ChatGPT जैसे तमाम टूल बनाने वाली आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंपनी OpenAI के दफ्तर में जासूसी की खबर सामने आई है। इस कंपनी में काम करने वाले सऊदी अरब के एक इंजीनियर ने अमेरिका के सैन फ्रैंसिस्कों में स्थित कंपनी के दफ्तर में चुपके से रिकॉर्डिंग डिवाइस लगा दिए थे। अब उस शख्स को गिरफ्तार करके उसे नौकरी से निकाल दिया गया है। इस मामले की जांच फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) को सौंपी गई है। आरोपी की पहचान 35 वर्षीय अब्दुल रहमान अल्फोज़ान के रूप में हुई है। वह जुलाई 2025 से OpenAI के साथ काम कर रहा है।
इस घटना ने कस्टमर डेटा, AI को लेकर बढ़ती गलाकाट प्रतियोगिता और डेटा सिक्योरिटी को लेकर गंभीर सवाल खड़े गए कर दिए हैं। OpenAI का कहना है कि फिलहाल ऐसी कोई जानकारी नहीं है कि आरोपी ने किसी डेटा को ऐक्सेस किया हो।
कैसे हुआ खुलासा?
जानकारी के मुताबिक, आरोपी अल्फोज़ान ने सैन फ्रैंसिस्को में स्थित OpenAI के दफ्तर में बने एग्जीक्यूटिव कॉन्फ्रेंस रूम में लगे टीवी के पीछे बने USB पोर्ट में एक डिवाइस लगा दी थी। उसने यह काम संभवत: 28 सितंबर को किया था।
यह भी पढ़ें: OpenAI वाले सैम ऑल्टमैन तक परेशान हो गए, आखिर ऐसा क्या कर रहे AI Agents?
इसका खुलासा 30 सितंबर को हुआ। इस छोटी सी डिवाइस को टॉयलेट पेपर से ढका गया था। इसमें एक माइक्रोफोन था जिसे कैमरे से कनेक्ट किया जा सकता था। ऐसी ही एक डिवाइस बाद में अल्फोज़ान के बैग से भी मिली है। इस डिवाइस में स्टोर हुआ डेटा एनक्रिप्टेड था और उस ऐक्सेस नहीं किया जा सका।
FBI ने क्या बताया?
FBI के डायरेक्टर काश पटेल ने इस बारे में एक बयान जारी करके कहा है, 'FBI और उसके सहयोगियों ने उस शख्स को गिरफ्तार कर लिया है जिसने अपनी कंपनी के एग्जीक्यूटिव कॉन्फ्रेंस रूम में एक रिकॉर्डिंग डिवाइस छिपाया था ताकि कंपनी की सुपर इंटेलिजेंस टेक के बारे में संवेदनशील जानकारी ली जा सके। इस मामले में जांच की जा रही है। अमेरिकी सुपर इंटेलिजेंस इनोवेशन की रक्षा करना बेहद अहम है और FBI इसे काउंटर इंटेलिजेंस से जुड़ी प्राथमिकता के तौर पर देखता है।'
OpenAI ने जारी किया बयान
इस बारे में OpenAI ने एक बयान में कहा है, 'हमें अपने दफ्तरों में छुपाई गई एक रिकॉर्डिंग डिवाइस मिली है। हमने अपने मॉडल्स का इस्तेमाल करके यह पता लगाने की कोशिश की कि यह डिवाइस कहां से आई। हमने एक कर्मचारी का पता लगाया है जिसने कुछ दिन पहले ही इसे लगाया था। हमने इस मामले की जानकारी तुरंत FBI को दे दी है और हम खुश हैं कि इस मामले में तुरंत गिरफ्तारी की गई। FBI की जांच जारी है और हम उनके काम में पूरा साथ देंगे।'
यह भी पढ़ें: ChatGpt की मदद से कैसे करें बोर्ड एग्जाम की तैयारी? जान लीजिए तरीका
इस बयान में आगे कहा गया है, 'इस समय हमें कोई संकेत नहीं मिला है कि इस शख्स ने किसी मॉडल, सोर्स कोड या कस्टमर डेटा को ऐक्सेस किया हो या फिर उससे कोई छेड़छाड़ की हो। उस कर्मचारी को नौकरी से निकाल दिया गया है। हम अपनी तकनीक, डेटा और लोगों की सुरक्षा को राष्ट्रीय महत्व की तरह देखते हैं। हमारा सिक्योरिटी प्रोग्राम ऐसे डिजाइन किया गया है कि वह हमें तमाम खतरों से बचाता है। यह एक उदाहरण है कि कैसे AI इतने गंभीर खतरों से निपटने में भी मदद कर सकता है।'
कौन है आरोपी अब्दुल रहमान अल्फोज़ान?
अल्फोज़ान के लिंक्डइन प्रोफाइल की मानें तो उसने मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (MIT) के अलावा कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की है। उसने इसके पहले Meta और माइक्रोसॉफ़्ट के लिए भी काम किया है। बताया गया है कि वह सऊदी अरब का नागरिक है लेकिन सितंबर 2020 से ही परमानेंट रेजीडेंट के रूप में अमेरिका में रह रहा है। अब अगर उसके खिलाफ ये आरोपी साबित होते हैं तो उसे 5 साल की सजा हो सकती है या फिर 3 साल की सजा के साथ 2.5 लाख डॉलर का जुर्माना लगाया जा सकता है।
