ईरान और इजरायल के बीच जारी युद्ध के बीच भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु दुबई में फंस गई थीं, जिसके कारण वह मंगलवार से शुरू होने वाली ऑल इंग्लैंड बैडमिंटन चैंपियनशिप में हिस्सा नहीं ले पाई। पीवी सिंधु ने कल अपने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बताया कि वह सुरक्षित भारत लौट गई हैं। अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर हमला किया और इसके बाद ईरान ने भी मिडल ईस्ट में इन दोनों देशों के ठिकानों पर हमले किए। इसके बाद से स्थिति खराब है और एयरस्पेस बंद कर दिया गया था, जिसके चलते कई लोग मिडल ईस्ट में ही फंस गए थे। उन्होंने बताया कि जिस जगह पर वह रह रही थीं उससे 100 मीटर दूर पर ही धमाके हो रहे थे।

 

पीवी सिंधु दुबई में फंसी हुई थी और उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बताया था कि वहां स्थिति कितनी खराब है। हालांकि, अब वह सुरक्षित भारत लौट चुकी हैं। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, 'बेंगलुरु अपने घर सही सलामत घर लौट गई हूं। पिछले कुछ दिन काफी तनावपूर्ण और अनिश्चितता वाले थे लेकिन मैं सौभाग्यशाली हूं कि मैं वापस घर लौट गई हूं। मैं ग्राउंट टीम्स, दुबई ऑथोरिटीज, एयरपोर्ट स्टाफ, इमिगरेशन और हर एक व्यक्ति का दिल से शुक्रिया करना चाहती हूं जिन्होंने मुश्किल समय में हमारा अच्छा ध्यान रखा। अब रेस्ट, रिसेट और अगले कदम को फिगर आउट करने का समय है।'

 

यह भी पढ़ें: होलिका दहन में हथियार लहराते दिखे गोपाल मंडल! वायरल हुई Video, जांच शुरू

दुबई में फंसी थी सिंधु

पीवी सिंधु शनिवार से दुबई में फंसी हुई थी। उन्होंने बताया कि 28 फरवरी को 1 बजे वह दुबई पहुंची थी और 1 बजकर 15 मिनट पर एयरस्पेस बंद कर दिया गया था। उन्होंने कहा, 'शुरू में हमें बताया गया कि फ्लाइट लेट है फिर बताया गया कि एयरस्पेस बंद हो गया। उन्होंने हमें घंटों इंतजार करवाया और बाद में हमें होटल ले गए और कहा कि हमें अंदाजा नहीं है कि एयरस्पेस कब खुलेगा।' जिस जगह पर वह ठहरी हुई थी वहां भी कई विस्फोट हुए। हालांकि, वह पूरी तरह सुरक्षित हैं। 

 

पीवी सिंधु ने कहा, 'हमें कोच का एक फोन आया कि यहां पर एक बहुत बड़ा धमाका हुआ है, जहां हम बैठे थे उससे करीब 100 मीटर दूर एक धमाका हुआ। हालांकि, बाद में हमें सुरक्षित होटल ले जाया गया। हमारे फोन पर भी लगातार मैसेज आ रहे थे कि कमरे के अंदर रहें। मुझे समझ नहीं आ रहा था कि क्या हो रहा है।'

ऑल इंग्लैंड बैडमिंटन चैंपियनशिप नहीं हो पाई शामिल

सिंधु इंग्लैंड के बर्मिंघम में होने वाले प्रतिष्ठित ऑल इंग्लैंड ओपन सुपर 1000 बैडमिंटन टूर्नामेंट में हिस्सा लेने जा रही थीं। उनका टूर्नामेंट 3 मार्च से शुरू हो गया है। हालांकि, दुबई में फंसे होने के कारण पीवी सिंधु इस टूर्नामेंट में शामिल नहीं हो पाई। न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए पीवी सिंधु ने बताया कि मैंने BWF को मेल किया था और उन्हें अपनी स्थिति के बारे में बताया था। वह भी यह बात समझते थे क्योंकि पहले दिन से ही मैं उन्हें स्थिति के बारे में जानकारी दे रही थी। 

 

पीवी सिंधु ने आगे कहा, 'मैंने हर वह तरीका खोजने की कोशिश की जिससे मैं वहां पहुंच सकती थी लेकिन BWF भी स्थिति को समझता था। शुरुआत में उन्होंने ज्यादा से ज्यादा जानकारी लेने की कोशिश की। जापान के भी कुछ खिलाड़ी फंसे हुए थे लेकिन उन्होंने कोई और रास्ता निकाला और वहां पहुंचे।'

 

यह भी पढ़ें: MP के मंदिर से तहसीलदार की चप्पल चोरी, Video में दिखा चोर; FIR की तैयारी

क्या पीवी सिंधु पर लगेगा जुर्माना?

BWF  के नियमों के अनुसार, अगर कोई खिलाड़ी प्रतियोगिता को छोड़ता है तो उस पर जुर्माना लगाया जाता है। हालांकि, पीवी सिंधु के पास यहां प्रतियोगिता में शामिल ना होने का कारण है। इस संबंध में पीवी सिंधु ने कहा कि जुर्माने की बात करें तो BWF मेरी स्थित समझता है। उनका मानना है कि BWF उनका जुर्माना माफ कर देगा क्योंकि स्थिति उनके कंट्रोल से बाहर थी। पीवी सिंधु ने कहा, 'मैंने उन्हें बता दिया था कि मैं दुबई में फंस गई हूं। BWF ने मुझे कहा था कि वे जल्द ही इस पर कोई रिप्लाई देंगे। हालांकि, वे भी स्थिति को जानते थे उन्होंने पहले भी कहा था कि सुरक्षा पहले है।'