भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता लालकृष्ण आडवाणी को चेस्ट इन्फेक्शन हुआ है। इलाज के लिए उन्हें दिल्ली के इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल के पल्मोनरी विभाग में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की एक टीम उनकी निगरानी कर रही है। डॉक्टरों के अनुसार, फिलहाल लालकृष्ण आडवाणी की हालत स्थिर है। यह पहली बार नहीं है, जब स्वास्थ्य संबंधी शिकायत के कारण लालकृष्ण आडवाणी को अस्पताल में भर्ती होना पड़ा है। इससे पहले इसी साल मई में भी उन्हें अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तब वह कुछ दिनों तक डॉक्टरों की देखरेख में रहे, जिसके बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई थी।
16 अक्टूबर को शाम 7 बजकर 30 मिनट पर 98 साल के लालकृष्ण आडवाणी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी के लिए बता दें कि लालकृष्ण आडवाणी अब 98 साल के हो चुके हैं। इसी महीने 7 अक्टूबर को लालकृष्ण आडवाणी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिले थे। इस मुलाकात की तस्वीरें प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर की थीं। 7 अक्टूबर को ही नरेंद्र मोदी ने सरकार के प्रमुख के रूप में 25 साल पूरे होने पर आडवाणी से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया था।
यह भी पढ़ें: 5 दिन की कस्टडी में भेजे गए CJP के सौरव दास और आशुतोष रांका
लालकृष्ण का राजनीतिक सफर
लालकृष्ण आडवाणी बीजेपी के प्रमुख नेताओं में से एक हैं। उन्होंने पार्टी को एक छोटी राजनीतिक ताकत से एक बड़े राष्ट्रीय राजनीतिक संगठन के रूप में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाई थी। इसी वजह से वह कई बार बीजेपी के अध्यक्ष बने।
उनके राजनीतिक करियर में अहम मोड़ तब आया, जब उन्होंने 1990 में देशभर में राम रथ यात्रा निकाली। जब देश के प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी थे, तब लालकृष्ण आडवाणी ने उनके नेतृत्व वाली सरकार में काम किया। इसके बाद उन्होंने 2002 से 2004 तक भारत के उपप्रधानमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली। अपने राजनीतिक करियर के दौरान उन्होंने गृह मंत्रालय सहित कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी भी निभाई।
यह भी पढ़ें: 12 दिन से पुलिस की किले जैसी घेराबंदी, कैसे सेंट्रल दिल्ली में घुसे लोग?
लालकृष्ण को मिला था भारत रत्न
भारतीय राजनीति और सार्वजनिक जीवन में लालकृष्ण आडवाणी के योगदान के लिए उन्हें साल 2024 में भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'भारत रत्न' से नवाजा गया था। इससे पहले, साल 2015 में उन्हें 'पद्म विभूषण' पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
