कांग्रेस से अनबन की चर्चाओं के बीच पार्टी सांसद शशि थरूर ने गुरुवार को पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की। थरूर ने इस मुलाकात की एक फोटो अपने सोशल मीडिया पर शेयर की है। मुलाकात के बाद लोकसभा सांसद थरूर ने कहा कि सब कुछ ठीक है और सभी एक साथ हैं।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता शशि थरूर ने पार्टी हाईकमान से यह मुलाकात नाराजगी की खबरों के बीच की है। संसद भवन स्थित खरगे के कार्यालय में यह मुलाकात हुई। थरूर ने इस मुलाकात को बहुत अच्छी, सार्थक और सकारात्मक करार दिया।
यह भी पढ़ें: UGC के नए नियमों पर सुप्रीम कोर्ट ने लगाई रोक, 2012 वाले नियम ही लागू रहेंगे
थरूर ने क्या कहा?
उन्होंने मीडिया से कहा, 'सब कुछ ठीक है और हम सब एकसाथ आगे बढ़ रहे हैं।' उन्होंने केरल में मुख्यमंत्री पद के लिए अपनी दावेदारी से इनकार करते हुए कहा कि यह उनके लिए कभी मुद्दा नहीं रहा। बता दें कि हाल ही में केरल विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कांग्रेस की एक बैठक हुई थी, जिसमें थरूर शामिल नहीं हुए थे।
यह भी पढ़ें: नम आंखें, 'दादा अमर रहें' के नारे, अजित पवार को कुछ यूं दी गई अंतिम विदाई
इससे पहले अपनी पार्टी से मतभेदों के दावों को लेकर 24 जनवरी को शशि थरूर ने कहा था कि जो भी मुद्दे हैं, उन्हें पार्टी लीडरशिप से चर्चा करनी होगी। वे इस मौके का इंतजार कर रहे हैं और इस मुद्दे को जनता के बीच में नहीं ला रहे।
पहले क्या बोले थे थरूर
शशि थरूर ने उस समय कहा था कि मीटिंग छोड़ने जैसे मामले पब्लिक प्लेटफॉर्म पर चर्चा नहीं करनी चाहिए। चिंताएं पार्टी लीडरशिप को सीधे बताना बेहतर है। इसी सिलसिले में उन्होंने खरगे और राहुल गांधी से मुलाकात की है।
