देशभर में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है और कई राज्यों में बारिश का दौर तेज हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज 14 अगस्त को छत्तीसगढ़ में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं हिमाचल प्रदेश में भी आज भारी से बहुत भारी बारिश बाका दौर रहने वाला है। बंगाल की खाड़ी के ऊपर सक्रिय मौसम प्रणाली के प्रभाव से पूर्वी और मध्य भारत के साथ-साथ उत्तर-पश्चिम भारत के पहाड़ी राज्यों में भी अगले कई दिनों तक रिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है।
छत्तीसगढ़ में आज यानी 14 अगस्त को मौसम सबसे ज्यादा खराब रहने की संभावना है। IMD ने कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी और कहीं-कहीं अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी दी है। इसके बाद भी बारिश पूरी तरह थमने वाली नहीं है। 16-17 अगस्त को राज्य में फिर कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है, जबकि 15 अगस्त को भी कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश का अनुमान है।
यह भी पढ़ें: शोर तो खूब मचा लेकिन भारत टैक्सी अटक कहां गई?
छत्तीसगढ़ के इन जिलों में खतरा
मौसम विभाग के अनुसार, बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा। IMD के अनुसार छत्तीसगढ़ में 13 से 17 अगस्त के बीच कुछ इलाकों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना है। लगातार बारिश की वजह से निचले इलाकों में जलभराव और अचानक बाढ़ जैसी स्थिति बन सकती है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए छत्तीसगढ़ के बलरामपुर, जशपुर, कोरबा, कोरिया, रायगढ़ और सूरजपुर जिलों के कुछ वाटरशेड और आसपास के इलाकों में कम से मध्यम फ्लैश फ्लड जोखिम बताया है। तेज बारिश के कारण निचले इलाकों में सतही पानी का बहाव बढ़ सकता है और जलभराव की स्थिति पैदा हो सकती है।
दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली-NCR में अगले कुछ दिनों तक बादल छाए रहने और हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है। IMD के 13 अगस्त के पूर्वानुमान के मुताबिक 14 अगस्त को सुबह से दोपहर और दोपहर से शाम के बीच कई जगहों पर बहुत हल्की बारिश हो सकती है। 15 अगस्त को भी सुबह और दोपहर के आसपास हल्की बारिश की संभावना है, जबकि 16 अगस्त को एक-दो बार हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान दिल्ली में तापमान में भी गिरावट देखने को मिल सकती है। 15 अगस्त को अधिकतम तापमान 32-34 डिग्री और न्यूनतम 24-26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश
हिमाचल प्रदेश में भी बारिश का जोर बना रहेगा। IMD के अनुसार, 13 से 19 अगस्त के दौरान राज्य के कई हिस्सों में बारिश की संभावना है। खासतौर पर 14 अगस्त और 17-18 अगस्त को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। 15-16 अगस्त को भी अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है। हिमाचल के पड़ोसी राज्य उत्तराखंड में 13 से 19 अगस्त तक कई इलाकों में बारिश की संभावना है। 14 अगस्त और 16-17 अगस्त को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। ऐसे में पहाड़ी जिलों में भूस्खलन और जलभराव का खतरा बना रहेगा। इसी तरह जम्मू-कश्मीर में भी बारिश का दौर जारी है और 14 अगस्त को भी भारी बारिश की संभावना है। कुछ जगहों पर फ्लैश फल्ड का खतरा बढ़ गया है।
पूर्वी राज्यों का मौसम
बंगाल की खाड़ी से सक्रिय हुई मौसम सिस्टम का सबसे ज्यादा असर पूर्वी भारत में दिखाई दे रहा है। गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड और ओडिशा में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई गई है। 13 अगस्त को इन इलाकों में गरज-चमक और बिजली गिरने की गतिविधियां भी तेज रह सकती हैं। पिछले 24 घंटों में भी गंगीय पश्चिम बंगाल और ओडिशा में 21 सेंटीमीटर या उससे ज्यादा बारिश दर्ज की गई। पश्चिम बंगाल के हल्दिया और ओडिशा के बालासोर में 24 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई, जबकि झारखंड के मझगांव में 18 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।
यह भी पढ़ें: BJP की तरह धर्म के सहारे लोगों से जुड़ने की कोशिश कर रही AAP, रणनीति समझिए
अन्य राज्यों का मौसम
अन्य हिस्सों के मौसम की बात करें तो उत्तर-पश्चिम भारत में भी बारिश का सिलसिला जारी रहने वाला है। पंजाब में 14-15 अगस्त, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 14-15 अगस्त तथा 17 अगस्त को बारिश की संभावना है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 15-16 अगस्त और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 14-18 अगस्त तक बारिश हो सकती है। पूर्वी राजस्थान में 13-14 अगस्त को भारी बारिश का अनुमान है।
अगले 10 दिन कैसा रहेगा मौसम?
IMD के उपलब्ध पूर्वानुमान के मुताबिक 13 से 19 अगस्त तक देश के कई हिस्सों में मानसून सक्रिय रहने वाला है। छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर-लद्दाख, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और पूर्वोत्तर राज्यों में अलग-अलग दिनों में बारिश का जोर देखने को मिलेगा। 13-19 अगस्त के दौरान पश्चिमी तट पर कोंकण-गोवा में भी व्यापक बारिश की संभावना है। मध्य महाराष्ट्र, गुजरात, तटीय कर्नाटक और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में भी बारिश का दौर जारी रह सकता है।
