लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बजट सत्र के दौरान केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला और कई आरोप लगाए। राहुल गांधी ने अपने भाषण में बीजेपी पर देश बेचने का आरोप लगाते हुए कहा कि आपने हमारी मां, भारत माता को बेचा है। संसद में भी बीजेपी नेता किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी का विरोध किया और अब संसद के बाहर भी बीजेपी राहुल गांधी के इस बयान को लेकर हमलावर है। बीजेपी नेता प्रकाश रेड्डी ने राहुल गांधी पर वार करते हुए कहा कि वह फिजिकली इंडिया और मेंटली विदेशी हैं।
प्रकाश रेड्डी ने कहा, 'मुझे यह नहीं समझ नहीं आता कि राहुल गांधी इंडियन हैं या फिर विदेशी। मुझे लगता है कि वह फिजिकली इंडियन हैं और मेंटली विदेशी हैं। उनका सिर्फ जन्म हुआ है लेकिन भारतीय लोगों के लिए उनके मन में कोई सम्मान नहीं है।' उन्होंने राहुल गांधी के भाषण में भारत माता बेचने के आरोप पर जमकर हमला बोला।
यह भी पढ़ें: अस्पताल में भर्ती हैं कैप्टन अमरिंदर सिंह, ED ने किस केस में भेज दिया समन?
भारत माता पर विवाद
राहुल गांधी के भाषण पर आक्रामक रुख अपनाते हुए प्रकाश रेड्डी ने कहा कि राहुल गांधी को भारतीय संस्कृति की कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा, 'आप कैसे कह सकते हैं कि भारत माता को बेच दिया है। भारत माता इस देश के लोगों की पहचान है। एक एग्रीमेंट के आधार पर आप यह कैसे कह सकते हैं कि भारत माता को बेच दिया है।' उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी को यह नहीं पता है कि भारत माता क्या है और उन्हें ऐसा कहने का कोई अधिकार नहीं है।
उन्होंने राहुल गांधी पर भारत माता की जय ना कहने का आरोप लगाया और कहा कि आपने कभी भारत को एक देश नहीं माना। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है और कांग्रेस की सरकारों में भी कई एग्रीमेंट हुए लेकिन ऐसा कभी नहीं हुए। प्रकाश रेड्डी ने राहुल गांधी के बयान को नक्सलवादी बताया। उन्होंने कहा, 'मुझे समझ नहीं आता कि क्या उन्हें कोई मेडिटकल ट्रीटमेंट की जरूरत है। वह मेडिकल अनफिट हैं और दिमागी रूप से परेशान हैं।'
राहुल गांधी ने क्या कहा था?
बुधवार को संसद में मोदी सरकार को अमेरिका के साथ ट्रेड डील पर घेरते हुए राहुल गांधी ने कई गंभीर आरोप लगाए थे। राहुल गांधी ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर कहा था, 'यह पूरी तरह से सरेंडर है। यह एक दुखद बात है क्योंकि यह सिर्फ़ प्रधानमंत्री का सरेंडर नहीं है। उन्होंने 1.5 अरब भारतीयों का भविष्य सरेंडर कर दिया है। उन्होंने भविष्य इसलिए सरेंडर कर दिया है क्योंकि वह BJP के फाइनेंशियल सिस्टम को बचाना चाहते हैं, जिस पर यूनाइटेड स्टेट्स में केस चल रहा है।'
यह भी पढ़ें: ट्रेड यूनियन ने बुलाया बंद, क्या खुला रहेगा, क्या बंद होगा? सब कुछ जान लीजिए
इंडिया बेचने का लगाया आरोप
अपने भाषण के दौरान राहुल गांधी ने देश को बेचने का आरोप लगाया। राहुल गांधी ने कहा, 'मैं कह रहा हूं कि आपने इंडिया बेच दिया है। क्या आपको इंडिया बेचने में शर्म नहीं आती? क्या आपको इंडिया बेचने में कोई शर्म नहीं है? आपने हमारी मां, भारत माता को बेच दिया है। मज़ेदार बात यह है कि मुझे पता है कि आम हालात में प्रधानमंत्री इंडिया को नहीं बेचते।' उन्होंने पीएम मोदी पर दबाव होने की बात कही। राहुल गांधी के इस भाषण के बाद से बीजेपी उन पर हमलावर है।
