ब्रिटेन की राजधानी लंदन में भारतीय वकील विजय अग्रवाल को यौन उत्पीड़न के आरोपों में गिरफ्तार किया गया है। विजय अग्रवाल भगोड़े हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी के वकील हैं और फिलहाल लंदन की जेल में हिरासत में हैं। उनके खिलाफ दो महिलाओं के साथ यौन उत्पीड़न का आरोप है। इस मामले में उनकी पीए मनप्रीत कौर को भी गिरफ्तार किया गया है। उन पर कथित तौर पर दो यौन उत्पीड़न के मामलों को उकसाने या उनमें मदद करने के आरोप हैं।

 

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, विजय अग्रवाल और मनप्रीत कौर को 11 अगस्त को लंदन के मेफेयर इलाके स्थित 29 ब्रिक स्ट्रीट से गिरफ्तार किया गया। यह एक आलीशान सर्विस्ड टाउनहाउस है, जहां दोनों ठहरे हुए थे। मेट्रोपॉलिटन पुलिस को इस पते पर यौन उत्पीड़न की शिकायतों की सूचना मिलने के बाद कार्रवाई की गई। दोनों को 13 अगस्त को वेस्टमिंस्टर मजिस्ट्रेट्स कोर्ट में पेश किया गया, जिसके बाद उन्हें हिरासत में भेज दिया गया।

 

यह भी पढ़ें: 10 में 9 रेलवे स्टेशन न्यूनतम सुविधाओं में फेल, 96% पर शौचालय सुविधाएं अधूरी

विजय अग्रवाल पर लगे चार आरोप

विजय अग्रवाल पर 9 अगस्त को एक महिला ने यौन उत्पीड़न के तीन आरोप लगाए गए हैं। आरोप है कि उन्होंने महिला की सहमति के बिना जानबूझकर उसे गलत तरीके से छुआ। इसके अलावा 26 मई की एक अन्य घटना को लेकर भी उन पर इसी तरह का एक और आरोप है। वहीं 41 साल की उनकी पीए मनप्रीत कौर पर आरोप है कि उन्होंने कथित तौर पर झूठे नौकरी के विज्ञापन के जरिए दो महिलाओं से संपर्क कराया और उन्हें उस पते पर बुलाया, जहां घटनाएं हुईं।

10 सितंबर को अगली सुनवाई

इस मामले को आगे की सुनवाई और ट्रायल की तैयारी के लिए साउथवार्क क्राउन कोर्ट भेजा गया है। दोनों आरोपियों की अगली सुनवाई 10 सितंबर को होनी है। इस मामले की जांच के दौरान दो अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया था। हालांकि, कोर्ट ने उन्हें आगे की जांच तक जमानत पर रिहा कर दिया गया है। पुलिस के मुताबिक शिकायत करने वाली दोनों महिलाओं को कानून सहायता दी जा रही है। 

 

यह भी पढ़ें: 20 अगस्त को यूपी से केरल तक जमकर होगी बारिश, इन राज्यों में IMD का अलर्ट जारी

मेहुल चोकसी से क्या है कनेक्शन?

विजय अग्रवाल बेल्जियम में चल रहे मेहुल चोकसी के प्रत्यर्पण मामले में उनके वकील के तौर पर काम कर रहे थे। चोकसी को भारत के अनुरोध पर अप्रैल 2025 में बेल्जियम में गिरफ्तार किया गया था और वह फिलहाल हिरासत में है। मेहुल चोकसी पर नीरव मोदी और अन्य लोगों के साथ मिलकर पंजाब नेशनल बैंक से करीब 13,500 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है, जिसे वह खारिज करते रहे हैं।