एयर इंडिया ने फुकेत-दिल्ली फ्लाइट के पायलट के खिलाफ बड़ा एक्शन लिया है। जांच में मादक पदार्थ के सेवन की पुष्टि होने के बाद एयरलाइन ने मुख्य पायलट की सेवा समाप्त कर दी है। विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) की 10 पन्नों वाली रिपोर्ट सामने आने के बाद एयर इंडिया ने यह कदम उठाया। रिपोर्ट के मुताबिक शुरुआती जांच में साइकोएक्टिव सब्सटेंस टेस्ट में मुख्य पायलट की रिपोर्ट निगेटिव नहीं आई। इसके बाद खून के नमूनों को दोबारा जांच के लिए लैब भेजा गया। इसमें भी रिपोर्ट निगेटिव नहीं मिली।

 

ड्रग टेस्ट में फेल होने के बाद एयर इंडिया ने मुख्य पायलट के विरुद्ध कड़ा कदम उठाया और उसकी सेवा समाप्त कर दी। एएआईबी ने पायलट के खिलाफ कड़े एक्शन की सिफारिश की थी। जबकि को-पायलट की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। इसका मतलब यह है कि उसने मादक पदार्थ का सेवन नहीं किया था।

 

यह भी पढ़ें: कर्नल सोफिया पर विवादित बयान देने वाले मंत्री के बचाव में क्यों उतरी MP सरकार?

एयर इंडिया ने क्या कहा?

एयर इंडिया के प्रवक्ता ने अपने बयान में कहा, 'सुरक्षा एयर इंडिया की सर्वोच्च प्राथमिकता है। फुकेत-दिल्ली फ्लाइट के पायलट-इन-कमांड का साइकोएक्टिव सब्सटेंस के लिए परीक्षण पॉजिटिव आया है। सुरक्षा, फिटनेस या नियामक आवश्यकताओं के उल्लंघन के प्रति एयर इंडिया की शून्य-सहिष्णुता नीति के मुताबिक पायलट की नौकरी तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई है।

एएआईबी की जांच रिपोर्ट में क्या सामने आया?

अपनी रिपोर्ट में एएआईबी ने कहा था कि पायलट द्वारा मादक पदार्थ का सेवन एक गंभीर चिंता का विषय है। ब्यूरो ने नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) से उचित कार्रवाई करने को कहा था, ताकि इस पर लगाम लगाई जा सके। बता दें कि बर्खास्त 34 वर्षीय मुख्य पायलट के पास लगभग 5,055 घंटे और 32 वर्षीय को-पायलट के पास 1,394 घंटे तक विमान उड़ाने का अनुभव है। 4 अगस्त को फ्लाइट के उड़ान भरने से पहले दोनों ने करीब 22 घंटे तक आराम भी किया था।

 

यह भी पढ़ें: संजू या अभिषेक वैभव के साथ किसको पार्टनर देखना चाहते हैं पूर्व क्रिकेटर?

 

4 अगस्त को फुकेत से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट 36000 हजार फुट की ऊंचाई पर अचानक ऊपर गई और बाद में 292 फुट नीचे आ गई। इससे विमान में भारी उथल-पुथल मच गई। 24 लोगों को चोट आई थी। विमान के अंदरूनी हिस्से को भी भारी नुकसान पहुंचा था। 

 

अभी तक की जांच में सामने आया है कि विमान की तीनों हाइड्रोलिक सिस्टम्स में एक साथ खराबी आने के कारण विमान अचानक ऊपर-नीचे हुआ। सीट बेल्ट बांधने का संकेत भी बंद था। इस कारण यात्रियों को चोट आई। हालांकि कुछ देर बाद ही तीनों हाइड्रोलिक सिस्टम्स दोबारा सामान्य हो गए। इसके बाद सुबह 11 बजे फ्लाइट को सुरक्षित दिल्ली एयरपोर्ट पर उतारा गया।