प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण का उद्घाटन कर दिया। इस दौरान उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक के साथ में केन्द्रीय नागरिक विमानन मंत्री के राम मोहन नायडू मौजूद रहे। मोदी लगभग 11,200 करोड़ रुपये के निवेश से विकसित नोएडा एयरपोर्ट के पहले चरण समेत कार्गो हब का भी उद्घाटन किया।

 

एयरपोर्ट का उद्घाटन करने के बाद पीएम मोदी ने एक विशाल रैली को संबोधित किया। एक अनुमान के मुताबिक इस रैली में 1.5 लाख लोग जुटे। पीएम ने कहा कि युवाओं को पता है कि यह जो काम हो रहा है, यह नौजवानों के भविष्य को नई उड़ान देने वाला काम है। आज हम विकसित यूपी, विकसित भारत अभियान का एक नया अध्याय शुरू कर रहे हैं।

 

यह भी पढ़ें: नोएडा एयरपोर्ट की हर जानकारी यहां देखें, PM मोदी आज करेंगे उद्घाटन

गर्व और प्रसन्नता के बताए दो कारण

उन्होंने कहा कि यह एयरपोर्ट देश का सबसे बड़ा और यूपी सबसे अधिक अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट वाले राज्यों में से एक बन गया है। पीएम ने कहा, 'आज मेरे लिए गर्व और प्रसन्नता के दो कारण हैं... पहला: इस एयरपोर्ट का शिलान्यास करने का सौभाग्य भी मुझे मिला था और इसका उद्घाटन करने का सौभाग्य भी मुझे मिला है। दूसरा: जिस उत्तर प्रदेश ने मुझे प्रतिनिधि बनाया, सांसद बनाया, उस उत्तर प्रदेश की पहचान के साथ इस भव्य एयरपोर्ट का नाम भी जुड़ गया है।'

 

 

 

सपा पर लगाया फाइलें दबाने का आरोप

पीएम मोदी ने आरोप लगाते हुए कहा कि 2004 से 2014 तक यह एयरपोर्ट फाइलों में दबा रहा। फिर सपा सरकार ने काम आगे नहीं बढ़ने दिया लेकिन जैसे ही यहां बीजेपी की सरकार बनी, एयरपोर्ट की नींव रखी गई और अब एयरपोर्ट बनकर तैयार हो गया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि नोएडा को पहले अंधविश्वास के कारण अपने हाल पर छोड़ दिया गया था, कुर्सी जाने के डर से पहले के सत्ताधारी यहां आने से डरते थे। 

 

 

 

नोएडा से जुड़ा सुनाया पुराना किस्सा

उन्होंने कहा, 'मुझे याद है, जब यहां सपा सरकार थी और मैंने नोएडा आने का कार्यक्रम बनाया तो मुख्यमंत्री इतने डरे हुए थे कि वे उस कार्यक्रम में नहीं आए। मुझे भी डराने की कोशिश की गई, कहा गया, नोएडा मत जाइए, मोदी जी, अभी-अभी प्रधानमंत्री बने हैं। मैंने कहा मैं उस धरती का आशीर्वाद लेने जा रहा हूं, जो मुझे लंबे अरसे तक सेवा करने का मौका देगी। आज वही इलाका पूरी दुनिया का स्वागत करने के लिए तैयार है। यह पूरा क्षेत्र आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को सशक्त कर रहा है।'

 

यह भी पढ़ें: 'पश्चिम एशिया में मंडरा रहा खतरा...', DGCA से क्या चाहता है पायलट एसोसिएशन?

देश में 160 से अधिक एयरपोर्ट

पीएम ने कहा कि किसी भी देश में एयरपोर्ट सिर्फ एक सामान्य सुविधा नहीं होती। ये एयरपोर्ट प्रगति को भी उड़ान देते हैं। साल 2014 से पहले देश में सिर्फ 74 एयरपोर्ट थे, आज 160 से अधिक एयरपोर्ट हो चुके हैं। अब महानगरों के अलावा, देश के छोटे-छोटे शहरों तक भी हवाई कनेक्टिविटी पहुंच रही है। पहले की सरकारें मानती थीं कि हवाई यात्रा सिर्फ अमीरों के लिए होनी चाहिए, लेकिन बीजेपी सरकार ने सामान्य भारतीयों के लिए भी हवाई यात्रा को आसान बना दिया है।

 

इस मौके पर सीएम योगी आदित्‍यनाथ ने जेवर एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश के विकास का नया रनवे बताया। उन्होंने कहा कि यहां से युवाओं के सपने उड़ान भरेंगे, संभावनाएं साकार होंगी और भविष्य नई ऊंचाइयों को स्पर्श करेगा। इस युगांतरकारी परियोजना को धरातल प्रदान करने वाले हमारे किसान भाइयों को विशेष बधाई, आपके समर्पण से ही यह विकास संभव हुआ है।