संसद सत्र में कांग्रेस नेता राहुल गांधी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमलावर हैं। बुधवार को संसद के गेट पर प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस सांसदों के साथ खड़े राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के सांसद और केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को देख तो उन्हें 'गद्दार' कहकर संबोधित किया और हाथ मिलाने के लिए आगे बढ़े। एक समय पर कांग्रेस में रहे रवनीत सिंह बिट्टू इससे खीझ गए और हाथ मिलाने से इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, रवनीत बिट्टू ने तुरंत ही राहुल गांधी को 'देश के दुश्मन' कहकर संबोधित कर दिया। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

 

भारत-चीन के मुद्दे पर सरकार को घेर रही कांग्रेस के सांसदों ने बुधवार को संसद के मकर द्वार पर प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में केसी वेणुगोपाल, प्रियंका गांधी, अमरदिंर सिंह राजा वड़िंग और राहुल गांधी भी शामिल हुए। मकर द्वार की सीढ़ियों पर जब कांग्रेस के सांसद खड़े थे तब सत्ता पक्ष के सांसद उन पर टिप्पणी कर रहे थे।

वीडियो में क्या दिखा?

 

जैसे ही राहुल गांधी सांसदों के बीच पहुंचते हैं, सभी सांसद अंगूठे (Thumbs Up) दिखाते हैं। सामने से कोई टिप्पणी करता है- ऐसा लग रहा है जैसे जंग जीतकर आए हों। राहुल गांधी इसका जवाब देने ही वाले होते हैं कि उन्हें रवनीत बिट्टू दिख जाते हैं। वह कहते हैं, 'यहां देखिए, एक गद्दार आ रहा है। इनका चेहरा देख लीजिए कि गद्दा कैसे दिखते हैं। हैलो ब्रदर, माय ट्रेटर फ्रेंड।'

 

यह भी पढ़ें: RJD-कांग्रेस की गलती से ममता बनर्जी ने क्या सीखा? SIR प्लान से समझिए

 

 

 

इस पर रवनीत सिंह बिट्टू उनसे हाथ मिलाने से इनकार कर देते हैं और कहते हैं, 'देश के दुश्मन हैं आप।' इस पर राहुल गांधी कहते हैं, 'चिंता मत करो, आप लौटकर आएंगे।' इसके बाद शोर मच जाता है और दोनों नेता आपस में बहस करते दिखते हैं लेकिन उनकी बातें समझ में नहीं आती हैं। कुछ ही देर में रवनीत सिंह बिट्टू संसद के अंदर चले जाते हैं। 

 

इस मामले पर रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा, 'स्पीकर साहब कस्टोडियन हैं और कहां जाएगा आदमी। यहां पर अगर ये चीजें होंगी। ठीक है, अच्छी फिटनेस है उनकी पर मेरे बराबर राहुल गांधी जी। हाइट की बात नहीं कर रहा हूं मैं। हाथ हमारा भी भारी ही होता है लेकिन पॉलिटिक्स में यह हमारा काम नहीं है। हमने जो बात करनी है, वह लहजे से लिहाज से करनी है। तरीके से करनी है और संसदीय भाषा में करनी है। आज तो पूरी तरह से एक्सपोज हो गए हैं। बिना किसी ताकत के गुंडागर्दी तक उतर आए हैं। आगे लोगों ने कहीं का छोड़ा है इनको?'

 

 

 

 

कौन हैं रवनीत सिंह बिट्टू?

 

लंबे समय तक कांग्रेस में रहे रवनीत सिंह बिट्टू की पहचान पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह के पोते के रूप में रही है। वही बेअंत सिंह जिन्हें खालिस्तान समर्थकों ने मार डाला था। साल 2009 में आनंदपुर साहिब लोकसभा से पहली बार चुनाव लड़े रवनीत सिंह बिट्टू ने 2014 में लुधियाना से चुनाव लड़ा और जीते। 2019 में भी वह इसी सीट से चुनाव जीते। 2024 में जब वह बीजेपी में शामिल हो गए और इसी सीट से बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़े तो कांग्रेस ने अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को चुनाव लड़ाया। राजा वड़िंग ने इस चुनाव में रवनीत सिंह बिट्टू को हरा दिया था। 

 

यह भी पढ़ें: निचली अदालतों ने 1300+ मामलों में दी फांसी, हाई कोर्ट ने सिर्फ 70 को ही माना सही

 

हालांकि, चुनाव हारने के बावजूद बीजेपी ने रवनीत सिंह बिट्टू को केंद्र में मंत्री बनाया और राज्यसभा भेजा। मौजूदा वक्त में वह पंजाब में खुद को मजबूत करने में जुटे हैं और बीजेपी के ऐसे चेहरे के रूप में उभर रहे हैं जो राज्य की राजनीति में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

 

इस खबर को अपडेट किया जा रहा है।