अप्रैल के आखिरी हफ्ते से लेकर मई के शुरुआती हफ्ते तक, मौसम देश के ज्यादातर हिस्सों में सुहाना रहा। पहाड़ी इलाकों में छिटपुट बर्फबारी भी हुई। उत्तर भारत में आग उगलते आसमान का मिजाज बदला तो आम लोगों को राहत मिली। कई जगहों पर बारिश हुई, कहीं ओले पड़े, कहीं तेज हवाएं चलीं।
केरल, तमिलनाडु, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, ओडिशा और असम-मेघालय समेत कई इलाकों में भीषण बारिश भी हुई। कई जगहों पर ओले भी पड़े। पूरे देश में साप्ताहिक बारिश लंबी अवधि के औसत से करीब 79 फीसदी ज्यादा रही। आने वाले कुछ दिन भी राहत भरे रहेंगे।
यह भी पढ़ें: बारिश-आंधी और तूफान का एक और दौर आएगा, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?
7 मई से 13 मई तक राहत: उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में 7 मई को छिटपुट बारिश और गरज-चमक के साथ हवाएं चलेंगी। 8 मई को उत्तराखंड में 50 से 70 किमी प्रति घंटा के साथ तूफान जैसी स्थिति बन सकती है।
11 से 13 मई तक राहत: जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में फिर अच्छी बारिश और बर्फबारी की संभावना है। पूर्वोत्तर भारत में 7 से 11 मई तक असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश और गरज-चमक रहेगी।
अरुणाचल प्रदेश और असम-मेघालय में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है।पूर्वी भारत में अंडमान-निकोबार में पूरे हफ्ते बारिश रहेगी। पश्चिम बंगाल, सिक्किम और गंगा के मैदानी तटों में पश्चिम बंगाल में भी अच्छी बारिश होगी। बिहार, झारखंड और ओडिशा में छिटपुट से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की गतिविधि रहेगी।
यह भी पढ़ें: गर्मी में चेहरे पर चाहिए इंस्टेंट ग्लो, अपनाएं ये घरेलू फेस पैक
दक्षिण भारत में कैसा रहेगा मौसम?
दक्षिण भारत में तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में अगले 4-5 दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलेंगी। तमिलनाडु और केरल में कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना है।
14 से 20 मई तक कैसा रहेगा मौसम?
पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में हल्की-मध्यम बारिश और बर्फबारी होती रहेगी। बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा और पूरे पूर्वोत्तर भारत में कई दिनों तक बारिश और गरज-चमक की गतिविधि रहेगी। इन इलाकों में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश भी हो सकती है।
केरल, तमिलनाडु और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में भी कई दिनों तक बारिश और गरज-चमक रहेगी। कुछ जगहों पर भारी बारिश संभव है। इस हफ्ते दक्षिण भारत, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में बारिश सामान्य से ज्यादा रहने की संभावना है।
यह भी पढ़ें: गर्मी में झटपट बनाएं प्रोटीन से भरपूर तोफू सलाद, नहीं बढ़ेगा वजन
गर्मी से परेशान होंगे लोग या मिलेगी राहत?
पहले हफ्ते में उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में तापमान में 2-5 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है। गुजरात और पश्चिमी राजस्थान में 9 से 13 मई के बीच कुछ जगहों पर हीट वेव चलने की संभावना है। राजस्थान, गुजरात, विदर्भ, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में कुछ दिनों के लिए लू की हल्की संभावना रहेगी। रात का तापमान कई जगहों पर सामान्य से ज्यादा रह सकता है।
