देशभर में मौसम का मिजाज बदल रहा है। अप्रैल महीने में गर्मी की मार झेलने वाले कई राज्यों में अब बारिश के कारण मौसम बदल गया है। बीते 24 घंटों में भी देश के कई राज्यों में आंधी-तूफान और बारिश देखने को मिली। इसके अलावा कहीं-कहीं ओले भी गिरे। मौसम विभाग का अनुमान है कि आज भी मौसम ऐसा ही रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, आज उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, हरियाणा, झारखंड, पंजाब, मध्य प्रदेश, हिमाचल, पश्चिम बंगाल समेत लगभग 20 राज्यों में आज आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की संभावना है।
दिल्ली-एनसीआर में भी मौसम की गतिविधियां जारी हैं। कल रात दिल्ली में बारिश हुई जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। हालांकि, यह राहत ज्यादा लंबे समय तक मिलने की संभावना नहीं है। आज दिल्ली में तापमान बढ़ने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, 6 मई को तापमान बढ़कर अधिकतम 36 और 21 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हालांकि, दिल्ली के कुछ इलाकों में आज भी बारिश और ओले गिर सकते हैं। 10 मई तक तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जो आने वाले दिनों में भयंकर गर्मी का संकेत दे रहा है।
यह भी पढ़ें: कांग्रेसियों की जिद ने नहीं होने दिया था TVK से गठबंधन? पढ़िए इनसाइड स्टोरी

यूपी-बिहार का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आज आंधी चलने की संभावना है। आज सहारनपुर, नोएडा, मेरठ, मथुरा, आगरा, आजमगढ़, कुशीनगर, अमेठी, कानपुर, मिर्जापुर, प्रयागराज, वाराणसी और गोरखपुर में बारिश-आंधी की संभावना है। लोगों को आंधी से सतर्क रहने के लिए कहा गया है।
बिहार में आज भी लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। मौसम विभाग ने पटना, सिवान, बक्सर, भोजपुर, भागलपुर, पूर्णिया, रोहतास, कैमूर, गया, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, दरभंगा, मधुबनी, भागलपुर, कटिहार और खगड़िया में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की है।
इन राज्यों में होगी बारिश
मौसम विभाग ने आज कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। जिन राज्यों में बारिश होने की संभावना है उनमें यूपी, बिहार, दिल्ली, झारखंड, उत्तराखंड, हिमाचल, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल शामिल हैं। इसके अलावा पूर्वोत्तर भारत और दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में भी मौसम खराब रहने की संभावना है। बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में तो मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले 48 घंटों में जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में तेज हवाओं के साथ कहीं बारिश तो कहीं बर्फबारी हो सकती है।
यह भी पढ़ें: 6 मई का राशिफल, आज किन राशियों पर बरसेगी गणेश जी की खास कृपा, पढ़ें राशिफल
पूर्वोत्तर और दक्षिण में मौसम
देश के पूर्वोत्तर हिस्से में आज भी मौसम की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वोत्तर राज्यों में प्री-मानसून गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। इसके साथ ही असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। दक्षिण भारत की बात करें तो यहां केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में तेज बारिश और तूफान चलने की संभावना है।