नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 3 विषयों को छोड़कर 84 विषयों के लिए UGC-NET जून 2026 के रिजल्ट जारी कर दिए हैं। इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी के पेपर में कुछ गलतियां मिलने के बाद परीक्षा रद्द कर दी गई थी। इसके लिए दोबारा 9 और 10 सितंबर को परीक्षा आयोजित की जाएगी। एजेंसी ने बताया कि 84 विषयों के लिए रजिस्टर करने वाले 7,73,806 उम्मीदवारों में से 6,07,151 उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए।
NTA के अनुसार, इनमें से 45,904 उम्मीदवार असिस्टेंट प्रोफेसर और PhD में एडमिशन, जबकि 97,434 उम्मीदवार केवल PhD में एडमिशन के लिए योग्य पाए गए। इसके अलावा, 4,241 उम्मीदवार जूनियर रिसर्च फेलोशिप यानी JRF और असिस्टेंट प्रोफेसर, दोनों के लिए योग्य पाए गए हैं।
यह भी पढ़ें: 61 संगठन खिलाफ, ममदानी हताश, मोहन भागवत के अमेरिका दौरे से दिक्कत किसे है?
कैसे चेक करें रिजल्ट?
रिजल्ट या स्कोर कार्ड ऑफिशियल UGC-NET वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। उम्मीदवार अपना स्कोर कार्ड देखने, डाउनलोड करने और प्रिंट करने के लिए https://ugcnet.nta.nic.in पर लॉग इन कर सकते हैं।
NTA ने कहा कि इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी विषयों के जिन उम्मीदवारों की परीक्षा दोबारा हो रही है। ऐसे में उन्हें UGC-NET जून 2026 का स्कोरकार्ड देखने की कोशिश करने पर Invalid Application Number/Password' या अमान्य एप्लीकेशन नंबर/पासवर्ड) का मैसेज दिख सकता है।
तीन विषयों की दोबारा होगी परीक्षा
NTA इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी विषयों के लिए UGC-NET परीक्षा 9 और 10 सितंबर को दोबारा आयोजित करेगा, क्योंकि इन तीनों पेपर में फैक्ट, टाइपिंग, अनुवाद और भाषा से जुड़ी गलतियां मिली थीं।
NTA ने 16 अगस्त को आंसर की जारी की थी और उसी दिन बाद में दोबारा परीक्षा कराने की घोषणा की थी। NTA ने साफ किया था कि दोबारा आयोजित होने वाली इन तीन परीक्षाओं में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को कोई अतिरिक्त परीक्षा शुल्क नहीं देना होगा।
