देशभर में गर्मी का असर दिखने लगा है। उत्तर से दक्षिण भारत तक गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। उत्तर भारत के कुछ राज्यों में कल तक गर्मी से हल्की राहत थी लेकिन आज ज्यादातर राज्य लू की चपेट में आ सकते हैं। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तर भारत के ज्यादातर राज्यों में आज लू चलने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने 10 राज्यों में आंधी-तूफान के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है। 

 

उत्तर भारत के अन्य सभी राज्यों की तरह ही राजधानी दिल्ली में भी आज से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार कल बारिश की कोई संभावना नहीं है। गर्मी के कारण लोगों को परेशान होना पड़ेगा। आज दिल्ली में न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। आज आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा और किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है।

 

यह भी पढ़ें: बंगाल के चुनाव वाले इलाकों में शराब पर बैन, फिर भी बढ़ गई बिक्री

यूपी-बिहार में लू

उत्तर प्रदेश में गर्मी कहर बरपा रही है। अगले 24 घंटे में राज्य के अधिकांश हिस्से लू की चपेट में आने वाले है। मौसम विभाग के अनुसार, आगरा, वाराणसी, प्रयागराज, सुलतानपुर, बाराबंकी, बहराइच, शाहजहांपुर और हरदोई समेत कई शहरों में तापमान सामान्य से अधिक रहेगा। आने वाले दिनों में उत्तर प्रदेश में प्रचंड गर्मी के संकेत मिल रहे हैं। 

 

बिहार में पिछले कुछ दिनों तक पश्चिमी विक्षोभ के कारण गर्मी से राहत जरूर मिली थी लेकिन अब यह राहत खत्म हो रही है। आज बिहार के अधिकांश जिलों में आसमान साफ रहेगा और धूप चमकेगी। इसका सीधा असर तापमान पर दिखेगा। पटना समेत 11 जिलों में लोगों को गर्मी ने बेहाल करके रख दिया। अप्रैल के महीने में गर्मी लगातार बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। 

 

इन राज्यों में लू का अलर्ट

मौसम विभाग की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, आज देश के कई राज्यों में भीषण गर्मी का अलर्ट है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में लू चलने की संभावना है। इसको लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट भी जारी कर दिया है और लोगों से सावधान रहने की अपील की है। 

 

यह भी पढ़ें: अब गौहाटी हाई कोर्ट पहुंचे पवन खेड़ा, लगाई अग्रिम जमानत की अर्जी

इन राज्यों में होगी बारिश 

पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में 21 अप्रैल को मौसम की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। असम और मेघालय में भी भारी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी हल्की से मध्यम बारिश के साथ बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में आज बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है लेकिन 23 अप्रैल को एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने वाला है जिससे बारिश की संभावना प्रभल हो जाती है।