दक्षिण पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार को पांच मंजिला पुरानी इमारत ढहने के बाद राहत-बचाव अभियान जारी है। वहीं दूसरी ओर सियासी बयानबाजी भी तेज हो गई है। हादसे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी , केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, कांग्रेस नेता राहुल गांधी , दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और CJP संस्थापक अभिजीत दीपक ने प्रतिक्रिया दी। सरकार की ओर से राहत-बचाव अभियान को प्राथमिकता देने की बात कही गई, जबकि राहुल गांधी और अभिजीत दीपक ने छात्रों की सुरक्षा और दिल्ली के बुनियादी ढांचे को लेकर सवाल उठाए।
हादसा सत्य निकेतन में शिव मंदिर के पास हुआ। इमारत के मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, अब तक नौ लोगों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है। इनमें छह की हालत गंभीर बताई गई है, जबकि तीन लोगों की मौत की सूचना है। आपको बता दें कि इस इमारत का इस्तेमाल PG के तौर पर किया जा रहा था और हादसे के वक्त बेसमेंट में मरम्मत से जुड़ा काम चल रहा था।
यह भी पढ़ें: दिल्ली के सत्य निकेतन में कैसे ढही 5 मंजिला इमारत? अब तक क्या पता चला
PM मोदी और अमित शाह ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे को बेहद दुखद बताया। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। पीएम ने कहा कि अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और प्रभावित लोगों को हरसंभव मदद देने के लिए राहत-बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
गृह मंत्री अमित शाह ने भी हादसे पर दुख जताया। उन्होंने बताया कि दिल्ली की मुख्यमंत्री, पुलिस आयुक्त और NDRF के महानिदेशक से बात कर स्थिति की जानकारी ली है। उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन और NDRF की टीमें मिलकर बचाव अभियान चला रही हैं और घायलों को जरूरी इलाज दिया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: दीवारों पर दरारें, बेसमेंट में पानी; दिल्ली में ढही इमारत से जुड़े कई खुलासे
राहुल गांधी ने उठाया छात्रों की सुरक्षा का मुद्दा
राहुल गांधी ने हादसे को दर्दनाक और चिंताजनक बताया। उन्होंने कहा कि मलबे में दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों समेत कई लोगों के फंसे होने की खबर है। उन्होंने NDRF, दिल्ली फायर सर्विस और अन्य बचाव टीमों से तेजी से राहत कार्य करने और घायलों को बेहतर इलाज देने की अपील की। राहुल ने दिल्ली में छात्रों के लिए हॉस्टल की कमी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि हॉस्टल नहीं मिलने के कारण कई छात्र PG में रहने को मजबूर हैं और एक ही इमारत में बड़ी संख्या में लोग रहते हैं। उन्होंने कहा कि हर छात्र की जिंदगी की सुरक्षा जरूरी है।
अभिजीत दीपक ने सरकार से पूछे सवाल
CJP संस्थापक अभिजीत दीपक ने हादसे को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री एक दिन पहले दिल्ली विश्वविद्यालय गए थे लेकिन अगले ही दिन साउथ कैंपस में PG की इमारत ढह गई। उन्होंने खराब बुनियादी ढांचे और कथित सरकारी लापरवाही पर सवाल उठाते हुए पूछा कि इसकी कीमत छात्रों को कब तक चुकानी पड़ेगी।
यह भी पढ़ें: JNU के प्रोफेसर पर यौन उत्पीड़न का आरोप, 10 छात्राओं ने दी शिकायत; जांच शुरू
वहीं, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि इमारत काफी पुरानी थी और बेसमेंट में निर्माण या मरम्मत के लिए खुदाई का काम चल रहा था। इसी दौरान एक पिलर खिसक गया और पूरी इमारत ढह गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि हादसे के लिए जो भी जिम्मेदार होगा, चाहे वह मालिक हो या अधिकारी, उसे बख्शा नहीं जाएगा।
