लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और रायबरेली के सांसद राहुल गांधी ने कल शाम अपने YouTube चैनल पर एक वीडियो साझा किया। इस वीडियो में राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई से प्रभावित प्रदर्शनकारियों से मुलाकात की। इस दौरान राहुल गांधी ने पहले सभी प्रदर्शनकारियों के प्रदर्शन के दौरान के अनुभव सुने और फिर अंत में अपनी टिप्पणी दी। राहुल गांधी ने कहा, 'आप सभी में से हर एक को पीटा गया ना? तो हमारी सोच क्या है? आपको तो पीट दिया, आपको अपमानित कर दिया, आपको मार दिया। अब मेरी सोच क्या है कि जिन लोगों ने ऐसा किया है, उन पर ऐसा दबाव डालें कि अगला बंदा ऐसा न कर पाए।'

वीडियो में NSUI की कार्यकर्ता ऋतु बराला और अथिरा विजयन ने अपनी आपबीती बताई। ऋतु बराला ने राहुल गांधी को बताया, 'चंचल यादव ने हमें बस में तो डिटेन किया। उसके बाद उन्होंने यहां से मेरा गला दबाया। यहां स्क्रैच भी होगा। धक्कामुक्की में मैं फिर नीचे जाकर गिर गई, फिर वह भी आकर मेरे ऊपर गिर गईं। फिर उन्होंने वापस मेरा गला दबाया और मेरे कान को इतनी जोर से जूते से रगड़ा। फिर मेरे ऊपर किक मारी। रुक जाओ, तुम्हारी नीतियां बनाती हूं। और इधर से उन्होंने मेरा कपड़ा पूरा फाड़ दिया। उन्होंने इसे पर्सनल ईगो पर ले लिया कि एकदम डू एंड डाई करना है।'

राहुल गांधी, नेता विपक्ष, लोकसभा:-
'अब ये जो चंचल यादव हैं, हम इन पर पूरे देश में केस लगा देंगे। आगे-पीछे हर जगह। चंचल यादव का हम अच्छा उदाहरण बनाएंगे। अगर आपको छात्रों को मारना है, तो आपके साथ चंचल यादव जैसा होगा। हर राज्य में आपके खिलाफ FIR होगी। अगली बार लाठी मारने से पहले हर कोई सोचेगा कि मैं चंचल यादव न बन जाऊं।' 

यह भी पढ़ें: कोटा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हादसा, 7 लोगों की मौत 10 घायल

चंचल यादव कौन हैं?

चंचल यादव दिल्ली पुलिस में महिला कांस्टेबल हैं। हाल ही में 13 अक्टूबर 2026 को दिल्ली में NSUI के प्रदर्शन के दौरान उनका नाम चर्चा में आया था। चंचल यादव 13 अक्टूबर को नई दिल्ली इलाके में तैनात थीं। जिस इलाके में वह तैनात थीं, उसी इलाके में NSUI की कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रही थीं। इस दौरान चंचल यादव और NSUI की कार्यकर्ता ऋतु बराला के बीच झड़प हुई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ। चंचल यादव के वीडियो को लेकर लोग दो खेमों में बंट गए। कोई चंचल यादव की तारीफ कर रहा था, तो कोई उनकी कार्रवाई के खिलाफ था।

 

यह भी पढ़ें: 'मैं CJP का साझेदार नहीं हूं', ऐसा क्यों बोले यूट्यूबर ध्रुव राठी?

चंचल यादव का पक्ष भी सुनिए

चंचल यादव ने घटना के बाद अपना मेडिकल लीगल केस (MLC) कराया। साथ ही, उन्होंने इस पूरे मामले की जानकारी अपने वरिष्ठ अधिकारियों को भी दी। एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में चंचल यादव ने अपना पक्ष रखा। चंचल यादव ने कहा, 'मुझे मैम ने बुलाया कि कुछ लोग भाग रहे हैं, उन्हें डिटेन करना है। मैं जब बस के अंदर डिटेन करने के लिए गई, तो मैंने बोला कि आप आराम से सीट पर बैठ जाओ, लेकिन वह नहीं बैठीं। वह दोबारा से वैसे ही भागने की कोशिश करने लगीं, तो मैंने उनको दोबारा से बोला कि आप बैठ जाओ, सीट पर। लेकिन वह बैठीं नहीं। उन्होंने मुझे धक्का मार दिया और मैं गिर गई। मैं उठकर उनको फिर से एक बार वार्निंग दी कि मैम, आप इस तरह से न करो। अपनी सीट पर बैठ जाओ, डिटेन ही तो कर रहे हैं, अपना काम ही तो कर रहे हैं। तो उन्होंने मुझसे बदतमीजी करना शुरू कर दिया।'