महाराष्ट्र में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के पुणे में होने वाले 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम से ठीक पहले शुक्रवार देर रात कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग पुणे (COEP) टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी के हॉस्टल परिसर में नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस और जमकर मारपीट हुई जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया।
यह हंगामा राहुल गांधी के साथ संवाद कार्यक्रम को लेकर शुरू हुआ। एनएसयूआई का आरोप है कि एबीवीपी के सदस्यों ने उन छात्राओं के साथ मारपीट की जो इस कार्यक्रम का हिस्सा बनना चाहती थीं और उन्हें हॉस्टल में ही रोक कर रखा। दूसरी तरफ, एबीवीपी ने इन आरोपों को सिरे से नकारते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर यह आरोप लगाया कि वे छात्रों को कार्यक्रम में आने के लिए जबरन मजबूर कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: CJP को बताया AAP का पेट प्रोजेक्ट, वायरल वीडियो पर बीजेपी भड़की
विजय वडेट्टीवार का कैंपस दौरा
मामला बढ़ने के बाद कांग्रेस विधायक विजय वडेट्टीवार ने देर रात कैंपस पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्राओं को डरा-धमकाकर उनसे जबरन अपनी मर्जी के बयान दिलवाए जा रहे हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से दोषियों पर तुरंत कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है और चेतावनी दी है कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो वे धरना देंगे।
यह भी पढ़ें: 'RJD के दिन लदे! तेजस्वी का बिहार में मन नहीं', शाहनवाज हुसैन का तंज
हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस का भारी बल मौके पर तैनात किया गया। पुलिस ने कैंपस में जमा भीड़ को वहां से खदेड़ा और स्थिति शांत कराने के लिए कुछ एबीवीपी कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। राहुल गांधी के कार्यक्रम को देखते हुए कैंपस और उसके आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना न हो।
