तमिलनाडु में अभी सरकार गठन पर अनिश्चितता के बादल छाए हैं। सबसे बड़ी पार्टी होने के बावजूद विजय की टीवीके बहुमत से 10 कदम दूर है। तमिलनाडु की सियासत में अलग-अलग गठबंधन की कयासबाजी चल रही है। इस बीच चेन्नई स्थित टीवीके दफ्तर और विजय के घर के बाहर समर्थकों व पार्टी कार्यकर्ताओं का जमावड़ा है। उधर, कांग्रेस समर्थकों ने भी विजय के पक्ष में प्रदर्शन किया और राज्यपाल द्वारा विजय को सरकार बनाने का न्योता नहीं देने पर नाराजगी जताई।

 

दूसरी ओर, विजय के घर के बाहर भारी भीड़ जुटने से माहौल तनावपूर्ण हो गए। कोई विजय के घर के बाहर खड़े रो रहा था तो कोई पोस्टर दिखा रहा था। एक समर्थक बाइक से वहां पहुंचा और कहने लगा कि 'मैं विजय हूं... थलापति विजय... मैं गठबंधन की बात करने आया हूं।' अधिकांश समर्थकों ने टीवीके की टी-शर्ट पहन रखी थी। 

 

 

 

 

यह भी पढ़ें: 'संसद में कांग्रेस के साथ नहीं बैठना है...', DMK ने लोकसभा स्पीकर को लिखी चिट्ठी

 

विजय के समर्थन में आंध्र प्रदेश के गोदावरी  जिले से 12 पादरियों का एक प्रधिनिधिमंडल भी टीवीके मुख्यालय पहुंचा। यह प्रतिनिधिमंडल विजय के लिए प्रार्थना करेगा और अपनी शुभकामनाएं प्रेषित करेगा। बता दें कि विजय के घर के बाहर लगातार समर्थकों का जमावड़ा बढ़ रहा है। पुलिस को उन्हें संभालने में बड़ी मशक्कत का सामना करना पड़ रहा है। कुछ कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग हटाने का भी प्रयास किया, ताकि वह विजय से मिल सके।

 

 

 

सरकार बनाने का बढ़ रहा दबाव

तमिलनाडु में टीवीके पर उनके ही समर्थक सरकार बनाने का लगातार दबाव बढ़ाते जा रहे हैं। लोक भवन के बाहर भी पिछले दो दिनों से विरोध प्रदर्शन चल रहा था। हालांकि यहां पुलिस ने टीवीके समर्थकों को हिरासत में लिया है। इस बीच राज्यपाल आवास के बाहर भी प्रदर्शनकारी पहुंचे। इन्होंने तुरंत विजय को सरकार बनाने का न्योता देने की मांग की।

 

यह भी पढ़ें: 'चोर-डकैत एक साथ आ गए', ममता से मिले अखिलेश तो बीजेपी नेता का तंज

टीवीके समर्थकों ने क्या कहा?

दरअसल, तमिलनाडु के राज्यपाल ने विजय को बहुमत साबित करने के बाद सरकार बनाने का न्योता भेजने की बात कही थी। टीवीके समर्थक इसे अन्याय बता रहे हैं। एक समर्थक ने कहा कि अगर जनादेश की अनदेखी की गई तो जनता के भारी आक्रोश का सामना करना पड़ेगा। हालांकि बाद में पुलिस ने इस समर्थक को हिरासत में ले लिया। 

 

 

 

 

1947 के बाद टीवीके ऐसी पहली पार्टी है, जिसने डीएमके और एआईएडीएमके को शिकस्त दी है। यह लोगों का सच्चा प्यार है। डीएमके और एआईएडीएमके की भ्रष्ट सरकारों को सत्ता से हटा दिया गया, इसलिए टीवीके ही इसकी असली हकदार है। विजय सीएम बनने के हकदार हैं। साई श्रीवत्सन, टीवीके समर्थक।

 

 

अभी टीवीके को पूर्ण बहुमत मिलने वाला है। विजय शाम 4:30 बजे गवर्नर से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। हमें यह देखकर बहुत खुशी हुई कि सीपीआई, सीपीएम और वीसीके ने सरकार बनाने और विजय को तमिलनाडु का मुख्यमंत्री बनाने के लिए जनता के जनादेश को स्वीकार कर लिया है। कामराज, टीवीके नेता।

 

तीसरी बार राज्यपाल से मिलेंगे विजय

खबर आ रही है कि टीवीके अध्यक्ष विजय शुक्रवार शाम को राज्यहाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से तीसरी बार मुलाकात करेंगे और सरकार गठन पर चर्चा होगी। विजय की टीवीके और कांग्रेस के एक साथ आने की चर्चा है। टीवीके के पास 108 विधायक हैं। वहीं कांग्रेस के पास 5 विधायक हैं। कुल संख्या 113 बनती हैं। इसके बावजूद 5 अन्य विधायकों की जरूरत होगी। बताया जा रहा है कि सीपीआई, सीपीएम और सीवीके ने भी अपना समर्थन टीवीके को दे दिया है।