लोकसभा के मानसून सत्र की शुरुआत से पहले देश के राजनीतिक गलियारों में बड़े उलटफेर की चर्चाएं तेज हो गई हैं। पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (TMC) और महाराष्ट्र में शिवसेना (UBT) के भीतर मची अंदरूनी कलह के बीच अब उत्तर प्रदेश की सियासत में भी बड़ा भूचाल आ गया है। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी (SP) को लेकर एक बेहद चौंकाने वाला और बड़ा दावा किया है। मौर्य के अनुसार, SP के करीब 25 से 26 सांसद इस समय अपनी ही पार्टी से बगावत कर टूटने के लिए पूरी तरह तैयार बैठे हैं।
कानपुर दौरे के दौरान डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने केंद्र और राज्य सरकारों की उपलब्धियों को गिनाते हुए विपक्ष पर निशाना साधा। इसी दौरान मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, 'SP में तो अभी 25, 26 सांसद टूटने को तैयार बैठे हैं। हम लोग तोड़ ही नहीं रहे। हम लोग तो जानते हैं वो अपने आप ही टूट कर चले जाएंगे। समाजवादी पार्टी का संचालन श्री अखिलेश यादव की साइकिल नहीं कर सकती। वो साइकिल से ही जा सकती है लेकिन सत्ता के गलियारे में नहीं जा सकती।'
यह भी पढ़ें: 'यह गाली नहीं, महाराष्ट्र की भाषा है', बागी सांसदों पर बयान देकर बोले संजय राउत
मौर्य का अखिलेश यादव पर सीधा प्रहार
उपमुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी चाहे जितने सम्मेलन और बैठकें कर ले, उससे उसे कोई राजनीतिक लाभ नहीं मिलेगा। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में SP का प्रभाव लगातार कम होगा और वर्ष 2027 के बाद उसका दायरा केवल सैफई तक सीमित रह जाएगा। मौर्य ने कहा कि भाजपा प्रदेश की राजनीति में मजबूत स्थिति में है और आगे भी अपनी पकड़ बनाए रखेगी।
2024 में शानदार प्रदर्शन कर चुकी है SP
केशव प्रसाद मौर्य का यह बयान सपा खेमे में बड़ी बेचैनी पैदा कर सकता है। गौरतलब है कि साल 2024 के लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश में अपना अब तक का बेहतर और ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए 37 सीटों पर शानदार जीत दर्ज की थी। इस चुनाव में SP ने BJP के गढ़ माने जाने वाले अयोध्या (फैजाबाद) जैसी देश की सबसे VIP सीट पर भी भगवा दल को पटखनी दी थी। ऐसे समय में जब SP संसद के भीतर एक मजबूत विपक्षी ताकत बनकर उभरी है। डिप्टी सीएम द्वारा सांसदों की बड़ी टूट का दावा करना अखिलेश यादव के लिए गंभीर संगठनात्मक और राजनीतिक चुनौती माना जा रहा है।
