शेर-ए-पंजाब टी20 लीग में सोमवार (7 सितंबर) की रात टीम इंडिया के दो सितारे शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा के बीच दिलचस्प भिड़ंत देखने को मिली। फाजिल्का फाल्कन्स के कप्तान शुभमन ने अभिषेक की गेंदों पर बाउंड्री की झड़ी लगा दी। हालांकि जल्द ही अभिषेक ने शुभमन का विकेट लेकर बदला चुकता भी कर लिया।
इसके बाद जब अभिषेक की बल्लेबाजी की बारी आई तो उन्होंने शुभमन की टीम की हवा निकाल दी। अभिषेक ने महज 15 गेंद पर 49 रन ठोक दिए, जिससे अमृतसर सूरमाज ने 192 रन का टारगेट आसानी से हासिल कर लिया। शुभमन ने अभिषेक का कैच लपक उनकी पारी खत्म की लेकिन अमृतसर सूरमाज के कप्तान अपना काम कर चुके थे।
यह भी पढ़ें: भारत से हारने के बाद हांगकांग को पाकिस्तान ने हराया, सेमीफाइनल में बनाई जगह
मैच का क्या हाल रहा?
पहले बल्लेबाजी करते हुए फाजिल्का फाल्कन्स ने 20 ओवर में 191/6 का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। फाजिल्का फाल्कन्स की टीम शुरुआती झटकों के बाद मुश्किल में थी। उसने सिर्फ 20 रन पर दो विकेट गंवा दिए थे लेकिन कप्तान शुभमन और प्रांशु प्रताप ने मिलकर पारी को संभाल लिया। दोनों बल्लेबाजों ने संयम दिखाया और धीरे-धीरे स्कोरिंग रेट बढ़ाया। गिल और प्रांशु ने तीसरे विकेट के लिए 72 रन जोड़े, जिससे शुरुआती झटकों के बाद फाजिल्का की पारी पटरी पर लौट आई।
यह भी पढ़ें: भारत के हर स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के पास अपनी टी20 लीग, पैसे कहां से आ रहे हैं?
शुभमन ने 35 गेंद पर तेज-तर्रार 67 रन बनाए। उनके पवेलियन लौटने के बाद प्रांशु ने पारी को संभाला और सनवीर सिंह के साथ मिलकर फाजिल्का फाल्कन्स को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में अमृतसर सूरमाज ने शानदार शुरुआत की। अभिषेक और सहज धवन ने फाजिल्का फाल्कन्स के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए 79 रन की आतिशी साझेदारी की। अभिषेक ने पावरप्ले की आखिरी गेंद पर आउट होने से पहले 6 चौके और 4 छक्के जड़े।
अभिषेक के आउट होने के बाद अमृतसर सूरमाज ने धवन और नमन धीर के विकेट जल्दी-जल्दी गंवा दिए लेकिन राहुल कुमार ने नाबाद अर्धशतकीय पारी खेलते हुए उसे आसान जीत दिला दी। इस जीत से अभिषेक की टीम ने सेमीफाइनल की अपनी उम्मीदें बरकरार रखी हैं।
