रणजी ट्रॉफी के आगामी सीजन की शुरुआत 11 अक्टूबर से होगी। भारतीय घरेलू क्रिकेट का यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट एक बार फिर दो चरण में खेला जाएगा। 2026-27 घरेलू सीजन 23 अगस्त को दलीप ट्रॉफी के साथ शुरू होगा। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) ने बुधवार (20 मई) को यह घोषणा की।
आगामी सीजन के दौरान BCCI आयु वर्ग और सीनियर क्रिकेट में कुल 1788 मुकाबलों का आयोजन करेगा, जिसमें मेंस के लिए अंडर-16, अंडर-19 और अंडर-23 के अलावा सीनियर स्तर, जबकि महिलाओं के लिए अंडर-15, अंडर-19 और अंडर-23 के अलावा सीनियर स्तर के मुकाबले शामिल हैं।
यह भी पढ़ें: ईडन गार्डंस में KKR ने चुनी बॉलिंग, MI की टीम में हार्दिक-सूर्या की वापसी
इस टूर्नामेंट का बदला फॉर्मेट
अंडर-23 वर्ग का सीमित ओवरों का टूर्नामेंट और विजी ट्रॉफी के लिए इंटर रीजनल यूनिवर्सिटी कम्पटीशन अब टी20 फॉर्मेट में खेला जाएगा। BCCI ने अपने प्रेस रिलीज में कहा, '2026-27 का घरेलू सीजन बोर्ड की एक मजबूत और प्रतिस्पर्धी घरेलू ढांचा बनाने की प्रतिबद्धता को दिखाता है। साथ ही यह सभी फॉर्मेट और वर्ग में संतुलित प्रगति भी सुनिश्चित करता है।'
रीजनल फॉर्मेट में वापसी करने वाली दलीप ट्रॉफी 23 अगस्त से 10 सितंबर के बीच खेली जाएगी। यह पूरा टूर्नामेंट बेंगलुरु में BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में होगा। रणजी ट्रॉफी चैंपियन जम्मू-कश्मीर और रेस्ट ऑफ इंडिया के बीच ईरानी कप मुकाबला एक से पांच अक्टूबर तक श्रीनगर में खेला जाएगा।
यह भी पढ़ें: मलेशिया मास्टर्स: उलटफेर का शिकार हुए लक्ष्य सेन, वर्ल्ड नंबर-38 से हारे
SMAT का इस दिन से आगाज
BCCI के घरेलू कैलेंडर की सबसे बड़ी प्रतियोगिता रणजी ट्रॉफी का पहला चरण 11 अक्टूबर से पांच नवंबर के बीच होगा, जिसमें चार राउंड के मुकाबले खेले जाएंगे। दूसरा चरण 17 जनवरी से तीन मार्च 2027 के बीच होगा, जो सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (नेशनल टी20 टूर्नामेंट) और विजय हजारे ट्रॉफी (50 ओवर का नेशनल टूर्नामेंट) के खत्म होने के बाद खेला जाएगा। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 14 नवंबर से छह दिसंबर के बीच खेली जाएगी। लीग चरण के मुकाबले मुंबई, मोहाली, विशाखापट्टनम और कोलकाता में होंगे, जबकि नॉकआउट चरण नागपुर में होगा।
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी से IPL की विभिन्न फ्रेंचाइजी को नीलामी से पहले अपनी सूची तैयार करने का मौका मिलेगा। नीलामी दिसंबर में होगी। विजय हजारे ट्रॉफी 14 दिसंबर 2026 से आठ जनवरी 2027 तक होगी। BCCI की कार्यक्रम तैयार करने वाली टीम ने विजय मर्चेंट ट्रॉफी (अंडर-16) नवंबर से जनवरी के बीच कराने का फैसला किया है, जिससे स्कूली क्रिकेटरों को अपनी सालाना या बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी करने में भी आसानी होगी जो आम तौर पर फरवरी और मार्च में होती हैं।


