इंग्लैंड को आखिरकार टी20 वर्ल्ड कप में किसी यूरोपियन टीम के खिलाफ पहली जीत मिल गई है। इग्लिंश टीम ने शनिवार (14 फरवरी) को ईडन गार्डंस में स्कॉटलैंड को हराकर यह सूखा खत्म किया। इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करते हुए स्कॉटलैंड को 152 पर ही ढेर कर दिया और फिर 18.2 ओवर में 5 विकेट खोकर आसानी से टारगेट हासिल कर लिया। इस जीत के साथ इंग्लैंड ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपनी उम्मीदें जिंदा रखी हैं। 

 

पिछले मुकाबले में वेस्टइंडीज से मिली हार के बाद उसके अभियान को करारा झटका लगा था। अब हैरी ब्रूक की कप्तानी वाली टीम ग्रुप-C में 4 पॉइंट्स के साथ दूसरे स्थान पर आ गई है। वहीं स्कॉटलैंड के 3 मैचों में 2 ही पॉइंट्स रह गए हैं और वह टूर्नामेंट से बाहर होने के कगार पर पहुंच गई है। उसका आखिरी ग्रुप मुकाबला नेपाल से है।

 

यह भी पढ़ें: पाकिस्तान के खिलाफ सूर्या का ट्रंप कार्ड साबित होंगे वॉशिंगटन सुंदर, आंकड़े गवाह

शुरुआती झटकों के बाद आसानी से जीता इंग्लैंड

टारगेट का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने दो ओवर के अंदर अपने दोनों ओपनर्स फिल सॉल्ट (2) और जोस बटलर (3) के विकेट गंवा दिए। इसके बाद जैकब बेथेल और टॉम बैंटन के बीच हुई अर्धशतकीय साझेदारी ने उसे उबारा। बेथेल 32 रन बनाकर आउट हुए। फिर कप्तान हैरी ब्रूक भी 4 रन बनाकर चलते बने। लगा कि मैच फंस जाएगा लेकिन बैंटन आखिर तक जमे रहे और टीम को जीत दिलाकर ही लौटे। उन्होंने 41 गेंद में नाबाद 63 रन की पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। सैम करन ने 20 गेंद  में 28, जबकि विल जैक्स ने 10 गेंद में नाबाद 16 रन का योगदान दिया। 

 

यह भी पढ़ें: 'हम कल देखेंगे...' भारत के साथ मैच से पहले क्या बोले पाक कप्तान सलमान आगा?

ताश के पत्तों की तरह बिखरी स्कॉटलैंड की पारी

पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर स्कॉटलैंड ने 5.5 ओवर में 42 के स्कोर तक 3 विकेट खो दिए थे। यहां से कप्तान रिची बेरिंग्टन (49) और टॉम ब्रूस (24) ने चौथे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी कर टीम को 12 ओवर के अंदर 100 के पार पहुंचा दिया। स्कॉटलैंड की टीम बड़े स्कोर की ओर बढ़ती दिख रही थी लेकिन यह जोड़ी टूटते ही उसकी पारी बिखर गई। 113/2 से अचानक उसका स्कोर 127/8 हो गया। ओलीवर डेविडसन ने 15 गेंद में नाबाद 20 रन बनाकर स्कॉटिश टीम को 150 के पार पहुंचाया लेकिन यह नाकाफी था। 

 

इंग्लैंड की ओर से आदिल रशीद ने 4 ओवर में 36 रन देकर 3 विकेट झटके। वहीं जोफ्रा आर्चर और लियाम डावसन ने 2-2 विकेट चटकाए। सैम करन के खाते में एक सफलता रही।