भारत और पाकिस्तान के बीच ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 का हाई-वोल्टेज मुकाबला कल (रविवार) कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच में टीम इंडिया 'नो-हैंडशेक' पॉलिसी को जारी रख सकती है। पिछले साल एशिया कप के समय से भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी टीम से हाथ मिलाना बंद कर दिया है। कोलंबो में भी संभावना है कि भारतीय टीम टॉस या मैच के बाद इसे जारी रखेगी।
भारत के साथ मैच से एक दिन पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा से जब इस बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने सीधा जवाब नहीं दिया लेकिन कहा कि खेल उसी भावना से खेला जाना चाहिए, जिसके लिए वह जाना जाता है। पाक कप्तान ने कहा कि यह उन पर (भारत पर) निर्भर करता है कि वे क्या करना चाहते हैं।
हाथ मिलाने की परंपरा को लेकर पूछे गए सवाल पर सलमान अली आगा ने कहा, 'इस बारे में हम कल देखेंगे।'उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी परिस्थिति में 'खेल भावना' को बनाए रखा जाना चाहिए। आगा ने कहा, 'क्रिकेट (सही) भावना के साथ खेला जाना चाहिए। मेरी व्यक्तिगत राय शायद मायने नहीं रखती लेकिन क्रिकेट उसी तरीके से खेला जाना चाहिए, जिस तरह से इसे हमेशा खेला जाना चाहिए था। क्या करना है, यह तय करना उन पर निर्भर है।'
कोलंबो में प्रैक्टिस के दौरान सईम अयूब और सलमान अली आगा, Photo Credit: PTI
क्या है टीम इंडिया का माहौल?
पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले से पहले भारतीय खेमे का माहौल आक्रामक के बजाय अधिक संयमित बताया जा रहा है। 'नो-हैंडशेक' पॉलिसी पर अंतिम निर्णय उच्च अधिकारियों पर छोड़ते हुए टीम उनके निर्देशों का पालन करेगी। भारतीय टीम के अंदर हालांकि सोशल मीडिया पर लोगों की भावनाओं को लेकर सतर्कता भी है, क्योंकि पहलगाम हमले के बाद भावनाएं अब भी काफी संवेदनशील बनी हुई हैं और प्रतिक्रियाएं तीखी हो सकती हैं।
भारत-पाक मैच देखेंगे पांचों एशियन टेस्ट नेशन्स के अधिकारी
ICC चाहता है कि एशिया के पांच टेस्ट खेलने वाले देशों के अधिकारी साथ बैठकर मैच देखें। ICC प्रमुख जय शाह के रविवार को कोलंबो में मौजूद रहने की संभावना है, जहां वह भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के प्रतिनिधियों के साथ एक अनौपचारिक बैठक कर सकते हैं। BCB के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम बुलबुल ने कहा था कि वह भारत-पाकिस्तान मैच देखने के लिए कोलंबो में रहेंगे और पिछले कुछ हफ्तों में हुए तनावपूर्ण संवाद के बाद BCCI के साथ रिश्ते सामान्य करने की कोशिश करेंगे।