ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान का मुकाबला 15 फरवरी को होना है। कोलंबे के आर प्रेमदासा स्टेडियम में होने वाले इस हाई-वेल्टेज मैच पर दुनिया भर के क्रिकेट फैंस की निगाहें हैं। गौर करने वाली बात है कि पाकिस्तान के स्क्वॉड में शामिल किसी भी खिलाड़ी के पास इस मैदान पर टी20 इंटरनेशनल मुकाबला खेलने का अनुभव नहीं है। पाक टीम ने यहां आखिरी मैच 11 साल पहले खेला था। दूसरी तरफ टीम इंडिया के 10 खिलाड़ी आर प्रेमदासा में टी20 इंटरनेशनल मैच में उतर चुके हैं। एक नजर डालते हैं उनके रिकॉर्ड पर:-
सूर्यकुमार यादव - भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने आर प्रेमदासा स्टेडियम में एक टी20 इंटरनेशनल मुकाबला खेला है। मेजबान श्रीलंका के खिलाफ इस मैदान पर 2021 में उन्होंने 24 गेंद में 5 चौके और 2 छक्कों की मदद से 50 रन की पारी खेली थी।
अक्षर पटेल - टीम इंडिया के उप-कप्तान अक्षर पटेल ने 2017 में यहां एक टी20I मुकाबला खेला था। उन्होंने 4 ओवर गेंदबाजी की थी और 29 रन खर्चे थे। उनके हाथ कोई सफलता नहीं लगी थी। उस मैच में उनकी बल्लेबाजी की बारी नहीं आई थी।
यह भी पढ़ें: USA vs NED: दिल्ली में अमेरिका की जीत से पाकिस्तान को कैसे फायदा हो गया?
ईशान किशन - 27 साल के ईशान किशन ने 2021 में यहां एक मैच खेला था, जिसमें उन्होंने 14 गेंद में एक चौका और एक छक्के की मदद से नाबाद 20 रन जड़े थे।
संजू सैमसन - विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन 2021 में श्रीलंका के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज के तीनों मुकाबले में आर प्रेमदासा स्टेडियम में उतरे थे लेकिन उनके बल्ले से महज 34 रन ही निकल पाए थे। उनका स्ट्राइक रेट भी 100 के नीचे रहा था।
हार्दिक पंड्या - स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या ने भी इस मैदान पर एक ही मैच खेला है। वह 2021 वाली सीरीज के पहले मुकाबले में उतरे थे, जिसमें उन्होंने 12 गेंद खेलकर 10 रन बनाए थे। हार्दिक ने गेंद के साथ 2 ओवर में 17 रन देकर 1 विकेट लिया था।
वॉशिंगटन सुंदर - चोट से उबरकर टीम से जुड़ चुके वॉशिंगटन सुंदर के पास आर प्रेमदासा में भारत के मौजूदा स्क्वॉड में शामिल किसी भी भी खिलाड़ी से ज्यादा मैच खेलने का अनुभव है। उन्होंने 2018 में भारत, श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच हुए निदहास ट्रॉफी के दौरान इस मैदान पर 5 खेले थे और 8 विकेट झटके थे।
यह भी पढ़ें: T20 World Cup 2026: सामने है स्कॉटलैंड, फिर किस बात से डर रहा है इंग्लैंड?
वरुण चक्रवर्ती - मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने इसी मैदान पर अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया था। उन्होंने 2021 वाली टी20 सीरीज के तीनों मैच खेले थे, जिसमें उन्होंने 2 विकेट झटके। उस सीरीज में वरुण की इकॉनमी 5.30 की रही थी।
कुलदीप यादव - बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव ने यहां 3 मैच खेले और 4 विकेट झटके हैं। दिलचस्प बात है कि कुलदीप के टी20 इंटरनेशनल करियर का बेस्ट स्कोर (नाबाद 23) यहीं आया है।
जसप्रीत बुमराह - भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण के अगुवा जसप्रीत बुमराह ने आर प्रेमदासा में एक मैच खेला है। 2017 में श्रीलंका के खिलाफ हुए उस मुकाबले में बुमराह ने 4 ओवर में 38 रन दिए थे और उनके हाथ एक सफलता लगी थी।
मोहम्मद सिराज - स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज के पास भी यहां एक ही मैच खेलने का अनुभव है। उन्होंने 2018 निदहास ट्रॉफी के दौरान बांग्लादेश के खिलाफ खेले उस मुकाबले में 4 ओवर में 50 रन लुटा दिए थे। उनके नाम एक विकेट रहा था।
आर प्रेमदासा में पहली बार टी20I मुकाबला खेलने उतरेंगे ये भारतीय खिलाड़ी
- अभिषेक शर्मा
- तिलक वर्मा
- शिवम दुबे
- रिंकू सिंह
- अर्शदीप सिंह