अमेरिका ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में जीत का खाता खोल लिया है। भारत और पाकिस्तान के हाथों मिली करारी हार से उबरते हुए अमेरिका ने शुक्रवार (13 फवरवरी) को नीदरलैंड्स को 93 रन से रौंद दिया। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए ग्रुप-A के इस मुकाबले में अमेरिकी टीम ने पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर 196 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया और फिर नीदरलैंड्स की पारी को 15.5 ओवर में 103 पर ही समेट दिया।
लेफ्ट आर्म स्पिनर हरमीत सिंह ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 21 रन देकर 4 विकेट झटके। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया। भारत और पाकिस्तान के खिलाफ 4-4 विकेट लेने वाले शेडली वैन शाल्कविक के नाम 3 सफलता रही। मोहम्मद मोहसिन ने 2, जबकि नॉस्थुश केनजिगे ने 1 विकेट लिया।
यह भी पढ़ें: T20 World Cup 2026: सामने है स्कॉटलैंड, फिर किस बात से डर रहा है इंग्लैंड?
आखिरकार चला कप्तान मोनांक का बल्ला
पहले दो मैचों में फ्लॉप रहे अमेरिका के कप्तान मोनांक पटेल ने डच टीम के खिलाफ 22 गेंद में 36 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली, जिसमें 3 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। शायन जहांगीर (20) के तीसरे ओवर में आउट होने के बाद मोनांक ने साई तेजा मुक्कमल्ला के साथ दूसरे विकेट के लिए 55 रन की साझेदारी कर बड़े स्कोर के लिए लॉन्चपैड तैयार किया।
मोनांक के जाने के बाद मुक्कमल्ला और शुभम रांजने ने रन बनाने का जिम्मा उठाया और अमेरिका को 200 के करीब पहुंचा दिया, जो नीदरलैंड्स के लिए नामुमकिन साबित हुआ। मुक्कमल्ला ने 51 गेंद में 5 चौके और 4 छक्कों की मदद से 79 रन ठोके। वहीं शुभम ने 24 गेंद में नाबाद 48 रन जड़े। इस दौरान उनके बल्ले से 3 चौके और 2 छक्के निकले।
यह भी पढ़ें: कौन हैं बिहार के शोएब खान, जिन्होंने टी20 वर्ल्ड कप में UAE को दिलाई जीत?
अमेरिका की जीत से पाक को फायदा कैसे?
नीदरलैंड्स के खिलाफ जीत के बाद अमेरिका ग्रुप-A में तीसरे पायदान पर आ गया है। वहीं बड़ी हार के बाद नीदरलैंड्स चौथे स्थान पर खिसक गया है। भारत पहले, जबकि पाकिस्तान दूसरे नंबर पर है। दोनों के पास 4-4 पॉइंट्स हैं। भारत-पाकिस्तान की टक्कर 15 फरवरी को होने वाली है। अगर भारती टीम इस महामुकाबले में पाकिस्तान को धूल चटा भी देती है तो सलमान आगा की टीम पर टूर्नामेंट से बाहर होने का खतरा नहीं रहेगा। ऐसा इसलिए, क्योंकि नीदरलैंड्स पर अमेरिका की जीत के बाद यह तय हो गया है कि ग्रुप-A से भारत के अलावा अब सिर्फ पाकिस्तान ही 6 या उससे ज्यादा पॉइंट्स तक पहुंच सकता है।