ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 22वां मुकाबला आयरलैंड और ओमान के बीच खेला गया। कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब ग्राउंड में हुए इस ग्रुप-B के मुकाबले में आयरलैंड ने 96 रन से जीत दर्ज की है, जो मौजूदा टूर्नामेंट में रनों के लिहाज से दूसरी सबसे बड़ी जीत है। दो दिन पहले ही गुरुवार को श्रीलंका ने ओमान को 105 रन से करारी शिकस्त दी थी। ओमान की टीम टूर्नामेंट से बाहर होने वाली पहली टीम बन गई है।
मुकाबले में आयरलैंड को पहले बल्लेबाजी का न्योता मिला था। उसने पावरप्ले के अंदर ही टॉप-3 बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए। टिम टेक्टर (5), रॉस अडायर (14) और हैरी टेक्टर (14) पवेलियन लौट चुके थे। यहां से कप्तान लॉर्कन टकर ने मोर्चा संभाला और 51 गेंद में नाबाद 94 रन की पारी खेल आयरलैंड को 235/5 के विशाल स्कोर तक पहुंचा दिया, जिसके जवाब में ओमान की टीम 18 ओवर में 139 पर ही सिमट गई।
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान के खिलाफ जहां होना है मैच, वहां भारतीय खिलाड़ियों का रिकॉर्ड कैसा है?
डेलानी-डॉकरेल ने भी काटा गदर
पॉल स्टर्लिंग के टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद आयरिश टीम की कमान संभाल रहे लॉर्कन टकर ने गैरेथ डेलानी के साथ पांचवें विकेट के लिए 101 रन की साझेदारी की। डेलानी ने 30 गेंद में 56 रन ठोके, जिसमें 3 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। उनके आउट होने के बाद जॉर्ज डॉकरेल और टकर ने बची हुई 19 गेंद में 70 रन कूट दिए। डॉकरेल 9 गेंद में 35 रन बनाकर नाबाद लौटे। डॉकरेल ने अपनी इस धुआंधार पारी के दौरान 5 छक्के जामाए।
ओमान की ओर से शकील अहमद और आमिर कलीम ही प्रभावशाली गेंदबाज कर पाए। शकील ने 4 ओवर में 33 रन देकर 2 विकेट लिए। वहीं आमिर ने 4 ओवर में 29 रन दिए और 1 विकेट लिए।
यह भी पढ़ें: USA vs NED: दिल्ली में अमेरिका की जीत से पाकिस्तान को कैसे फायदा हो गया?
आमिर ने बल्ले से भी किया कमाल
विशाल रन चेज में आमिर ने 29 गेंद में 5 चौके और 2 छक्कों की मदद से 50 रन बनाए लेकिन यह ओमान को शर्मनाक हार से बचाने के लिए नाकाफी थे। इस टी20 वर्ल्ड कप में अपना पहला मैच खेल रहे जोशुआ लिटिल ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 16 रन देकर 3 विकेट लिए। मैथ्यू हम्फ्रीज और बैरी मैकार्थी को 2-2 सफलता मिली।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 5 सबसे बड़ी जीत
- श्रीलंका ने ओमान को 105 रन से हराया
- आयरलैंड ने ओमान को 96 रन से हराया
- भारत ने नामीबिया को 93 रन से हराया
- अमेरिका ने नीदरलैंड्स को 93 रन से हराया
- स्कॉटलैंड ने इटली को 73 रन से हराया