FIFA वर्ल्ड कप 2026 के महामुकाबले की घड़ी आ गई है। फाइनल में आज (रविवार) अर्जेंटीना और स्पेन की टक्कर होने वाली है। भारतीय समयानुसार यह मुकाबला सोमवार रात 12:30 से खेला जाएगा। स्पेन 2010 के बाद पहला वर्ल्ड कप जीतने की कवायद में है। वहीं लियोनेल मेसी की अर्जेंटीना की नजरें लगातार दूसरे खिताब पर है। अर्जेंटीना ने पिछले वर्ल्ड कप के फाइनल में फ्रांस को हराकर तीसरी बार चैंपियन बना था। अब यह साउथ अमेरिकी टीम चौथे वर्ल्ड कप खिताब के लिए उतरेगी।
खिताबी मुकाबले के बाद फैंस की नजरें व्यक्तिगत अवॉर्ड्स पर भी होंगी। आइए जानते हैं कि कौन-कौन से खिलाड़ी बड़े व्यक्तिगत की रेस में आगे चल रहे हैं।
गोल्डन बूट की रेस में एमबापे को पछाड़ेंगे मेसी?
फ्रांस के स्टार स्ट्राइकर एमबापे शनिवार को इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे स्थान के मुकाबले में दो गोल करके गोल्डन बूट की रेस में मेसी से आगे निकल गए हैं यह अवॉर्ड टूर्नामेंट में सबससे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी को दिया जाता है। एमबापे के नाम कुल 10 गोल हैं। वहीं मेसी ने अब तक 8 गोल किए हैं। उन्हें एमबापे को पछाड़ने के लिए फाइनल में हैट्रिक लगाना होगा, जो स्पेन जैसी मजबूत डिफेंस वाली टीम के सामने बेहद मुश्किल माना जा रहा है।
अगर मेसी हैट्रिक नहीं, बल्कि 2 ही गोल कर पाते हैं उन्हें गोल्डन बूट जीतने के लिए एक असिस्ट भी करना होगा। मेसी और एमबापे ने मौजूदा टूर्नामेंट में 4-4 असिस्ट किए हैं। यदि मेसी 2 गोल दागते हैं और कोई असिस्ट नहीं कर पाते हैं तो वह एमबापे के साथ बराबरी पर आ जाएंगे। इस परिस्थिति में देखा जाएगा कि दोनों खिलाड़ियों में से किस खिलाड़ी ने मैदान पर कम समय बिताए हैं। एमबापे ने 769 मिनट मैदान पर बिताए हैं, जबकि मेसी 712 मिनट मैदान में रहे हैं।
यह भी पढ़ें: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में किस दिन होंगे भारतीय एथलीट्स के मुकाबले? पूरा शेड्यूल
मेसी कैसे जीत सकते हैं गोल्डन बूट?
जैसा कि ऊपर बताया गया है कि अपने वर्ल्ड कप करियर में पहली बार गोल्डन बूट जीतने के लिए मेसी को हैट्रिक या 2 गोल के साथ असिस्ट करना होगा और इसके बिना काम नहीं बनेगा लेकिन एक रास्ता है। अगर मेसी फाइनल में 56 मिनट के अंदर 2 गोल दाग देते हैं और उन्हें सबस्टिट्यूट कर दिया जाता है तो वह गोल्डन बूट जीत लेंगे। हालांकि इसकी संभावना बेहद कम है कि इस बड़े मुकाबले में उन्हें अर्जेंटीना के कोच लियोनेल स्कालोनी सबस्टिट्यूट करेंगे।
गोल्डन बॉल की रेस में कौन-कौन आगे?
वर्ल्ड कप में जिसे बेस्ट खिलाड़ी चुना जाता है, उसे गोल्डन बॉल से सम्मानित किया जाता है। इस अवॉर्ड की रेस में मेसी और इंग्लैंड के जूड बेलिंघम को सबसे आगे माना जा रहा है। मेसी ने जहां अर्जेंटीना के सफर में संकटमोचक की भूमिका निभाई है, वहीं बेलिंघम ने भी बेहतरीन खेल दिखाया है। इंग्लैंड भले ही फाइनल में नहीं पहुंच पाया लेकिन बेलिंघम ने मिडफील्ड में अपने खेल से लोगों का ध्यान खींचा है।
इस युवा खिलाड़ी ने टूर्नामेंट में 7 गोल किए और नॉकआउट राउंड में जबरदस्त प्रदर्शन किया। इंग्लैंड के तीसरे स्थान पर रहने के बावजूद उनके प्रदर्शन ने उन्हें गोल्डन बॉल के सबसे मजबूत दावेदारों में शामिल कर दिया है। अगर मेसी यह अवॉर्ड जीतते हैं तो वह तीसरी बार वर्ल्ड कप में बेस्ट खिलाड़ी चुने जाएंगे। 1978 में इस अवॉर्ड की शुरुआत के बाद से मेसी इकलौते खिलाड़ी हैं, जिन्होंने इसे एक से ज्यादा बार अपने नाम किया है।
यह भी पढ़ें: खास होगा FIFA वर्ल्ड कप का फाइनल, चैंपियन टीम को ट्रॉफी के साथ अंगूठी भी मिलेगी
गोल्डन ग्लव का कौन दावेदार?
स्पेन के गोलकीपर उनाई साइमन को गोल्डन ग्लव का सबसे बड़ा दावेदार कहना गलत नहीं होगा। उन्होंने स्पेन को फाइनल में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है। उनाई ने पूरे टूर्नामेंट में अब तक सिर्फ 1 गोल खाया है। उन्होंने अभ तक 6 मुकाबलों में क्लीन शीट रखा है। यानी इन मैचों में उनाई ने कोई गोल नहीं होने दिया। उन्हें गोल्डन ग्लव के लिए एमिलियानो मार्टिनेज से चुनौती मिल सकती है। हालांकि अर्जेंटीना के इस गोलकीपर का प्रदर्शन उतना कुछ खास नहीं रहा है।
