ICC विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सबसे बहुप्रतिक्षित मुकाबले की घड़ी आ गई है। आज (14 जून) बर्मिंघम के एजबेस्टन स्टेडियम में भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होने वाली हैं। यह महामुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे से खेला जाना है। टीम इंडिया की कमान हरमनप्रीत कौर के हाथों में है।

 

पाकिस्तान की कप्तानी कौन करेगा यह फिलहाल कन्फर्म नजर नहीं आ रहा है। ऐसा इसलिए, क्योंकि पाक कप्तान फातिमा सना चोटिल हो गई हैं। शनिवार को नेट्स में बॉलिंग करते समय उनके घुटने पर गेंद लग गई थी। इसके बाद उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि उम्मीद है कि वह भारत के खिलाफ मैच के लिए फिट हो जाएंगी।

 

यह भी पढ़ें: मोरक्को से हारते-हारते बचा ब्राजील, विनीसियस ने बचाई लाज

आंकड़ों में किसका पलड़ा भारी?

विमेंस टी20 में भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक 16 मुकाबले हुए हैं, जिसमें टीम इंडिया 13-3 से आगे है। वहीं टी20 वर्ल्ड कप की बात करें तो भारतीय टीम ने 8 में से 6 मुकाबले जीते हैं। वहीं दो में उसे हार का सामना करना पड़ा है। पाक टीम ने भारत को विमेंस टी20 वर्ल्ड कप में आखिरी बार 2016 में हराया था। इसके बाद से टीम इंडिया ने लगातार 3 मुकाबलों में उसे पटखनी दी है।

 

यह भी पढ़ें: शुभमन ODI में सबसे तेज 3000 रन बनाने वाले भारतीय, वर्ल्ड रिकॉर्ड किसके नाम है?

पाक टीम में कितना दम?

भारतीय टीम हेड टू हेड में ही नहीं, बल्कि कागज पर भी पाकिस्तान से कहीं मजबूत है। हरमनप्रीत की अगुवाई में भारत ने पिछले साल वनडे वर्ल्ड कप जीता था। अब उसकी निगाहें टी20 वर्ल्ड कप पर कब्जा जमाने पर है। बैटिंग में स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमाह रॉड्रिग्स और ऋचा घोष जैसी सुपरस्टार हैं, तो गेंदबाजी की जिम्मेदारी दीप्ति शर्मा, श्रीचरणी और क्रांति गौड़ संभालेंगी।

 

टीम इंडिया जीत के साथ अपने अभियान का आगाज करने के लिए बेताब होगी। पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना अगर खेलती हैं, तो उन्हें भारतीय टीम की कठिन चुनौती से निपटने के लिए सामने से अगुवाई करनी होगी। फातिमा पाकिस्तान की सबसे सफल टी20 इंटरनेशनल खिलाड़ियों में से एक हैं। उन्होंने अब तक 58 टी20 मैचों में 7.53 की इकॉनमी से 48 विकेट झटके हैं। वहीं टी20 इंटरनेशनल में उनके नाम 715 रन दर्ज हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 139.64 का रहा है।

 

फातिमा को गेंदबाजी में नशरा संधू, सादिया इकबाल और डायना बेग जैसी अनुभवी खिलाड़ियों का साथ मिलेगा। संधू ने 77 टी20 मैचों में 5.54 की इकॉनमी से 74 विकेट लिए हैं, तो सादिया ने 59 मैचों में ही 73 विकेट चटका दिए हैं। सादिया की इकॉनमी (5.79) भी 6 से नीचे है। तेज गेंदबाज डायना बेग 57 टी20 मैचों में 6.40 की इकॉनमी से 40 विकेट झटके हैं।

बल्लेबाजी में एयमान फातिम पर रहेंगी नजरें

पाकिस्तान के टॉप-3 बल्लेबाजों का स्ट्राइक रेट कुछ खास नहीं है। मुनीबा अली 87 टी20 पारियों में 1602 रन बना चुकी हैं लेकिन उनका स्ट्राइक रेट (98.04) 100 से भी नीचे है। मुनीबा इस फॉर्मेट में दो शतक लगा चुकी हैं, जिसमें से एक टी20 वर्ल्ड कप में आया है। गुल फिरोजा 105.85 के स्ट्राइक रेट से 398 रन, जबकि आयशा जफर ने 100.60 के स्ट्राइक रेट से 497 रन बनाए हैं। आयशा जफर के नाम भी एक टी20 इंटनरेशनल शतक दर्ज है।

 

लोअर ऑर्डर बल्लेबाज एयमान फातिमा भारत के लिए बड़ा खतरा साबित हो सकती हैं। 21 साल की एयमान अब तक सिर्फ 6 टी20 मैच ही खेली हैं लेकिन उनका स्ट्राइक रेट 150 के ऊपर का है। उनके अलावा सायरा जबीन पर भी नजरें रहेंगी, जो 5 टी20 पारियों में 131.95 के स्ट्राइक रेट से 128 रन जड़ चुकी हैं।

दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-XI:

भारत - स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, यास्तिका भाटिया, जेमिमाह रॉड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, अरुंधति रेड्डी/रेणुका सिंह, क्रांति गौड़, श्री चरणी, नंदनी शर्मा

 

पाकिस्तान - मुनीबा अली, गुल फिरोजा, आयशा जफर, सायरा जबीन, रमीन शमीम, आलिया रियाज, फातिमा सना (कप्तान), एयमान फातिमा, डायना बेग, नशरा संधू, सादिया इकबाल