T20 वर्ल्ड शुरू होने में सिर्फ 5 दिन बाकी हैं। वर्ल्ड कप के जिस मुकाबले का इंतजार करोड़ों फैंस कर रहे थे, वही अब सियासत, पैसे और ताकत की रस्साकशी में फंस गया है। भारत और पाकिस्तान का मैच 15 फरवरी को होना था लेकिन पाकिस्तान का कहना है कि वह इस मैच में नहीं खेलेगा। अब कहा जा रहा है कि इस एक फैसले से पाकिस्तान को लगभग 2300 करोड़ रुपये का नुकसान हो सकता है। इतना ही नहीं, इस फैसले से पाकिस्तान क्रिकेट की साख भी दांव पर लग सकती है क्योंकि उसके खिलाफ इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ऐक्शन भी ले सकता है।
पिछले दिनों बांग्लादेशी क्रिकेटर मुस्तफिजुर रहमान को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से निकाले के जाने के बाद ये सब शुरू हुआ। बांग्लादेश ने भारत आकर वर्ल्ड कप खेलने से इनकार कर दिया। उसकी जगह पर अब स्कॉटलैंड की टीम वर्ल्ड कप में हिस्सा ले रही है। इसी क्रम में पाकिस्तान ने कहा है कि वह वर्ल्ड कप तो खेलेगा लेकिन भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलेगा।
इस बार टी20 वर्ल्ड कप का आयोजन भारत और श्रीलंका में हो रहा है। कुल 20 टीमें हिस्सा ले रही हैं जिन्हें 4 ग्रुप में बांटा गया है। भारत और पाकिस्तान ग्रुप A में हैं। इस ग्रुप में इन दोनों के अलावा नीदरलैंड्स, नामीबिया और यूनाइटेड स्टेट्स ऑफ अमेरिका (USA) की टीम है। हर टीम को अपने ग्रुप की बाकी सभी टीमों से एक-एक मैच खेलना है यानी एक टीम ग्रुप स्टेज में कुल 4 मैच खेलेगी।
यह भी पढ़ें: T20 World Cup: BCCI या PCB, पाकिस्तान के बायकॉट से किसे होगा नुकसान?
कितने का नुकसान हो सकता है?
माना जा रहा है कि भारत-पाकिस्तान के मैच से कुल 250 मिलियन डॉलर यानी करीब 2300 करोड़ रुपये की कमाई हो सकती है। यह पैसा सिर्फ टिकट का नहीं, टीवी राइट्स, विज्ञापन, स्पॉन्सरशिप और ग्लोबल व्यूअरशिप का है। सूत्रों की मानें तो ICC इस नुकसान को ऐसे ही जाने देने के मूड में नहीं है। अगर पाकिस्तान नहीं खेला तो पूरा नुकसान पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को अपनी जेब से भरना पड़ सकता है।
एक अधिकारी ने खुलकर कहा, 'PCB का ICC में कोई खास सपोर्ट नहीं है। अगर उन्होंने मैच नहीं खेला तो ICC रेवेन्यू से मिलने वाला उनका हिस्सा भी खतरे में पड़ जाएगा। इतना ही नहीं पाकिस्तान सुपर लीग के लिए विदेशी खिलाड़ियों से NOC मिलना मुश्किल हो सकता है। दूसरे क्रिकेट बोर्ड्स के साथ जो द्विपक्षीय समझौते हैं, उन पर भी असर पड़ेगा।'
यह भी पढ़ें: टी20 वर्ल्ड कप में भारत से नहीं खेलेगा पाकिस्तान, शाहबाज शरीफ का फैसला
क्यों बिगड़े संबंध?
भारत–पाकिस्तान के रिश्ते पिछले साल पहलगाम आतंकी हमले के बाद काफी तनावपूर्ण रहे हैं। इसके बावजूद क्रिकेट चलता रहा। सीनियर टीमों ने भी खेला, अंडर–19 मे भी भिड़े, एशिया कप भी हुआ। इतिहास में ऐसा बहुत कम हुआ है कि भारत–पाक मैच तय होने के बाद एक टीम मैदान में न उतरने का एलान करे। अगर कोलंबो में ऐसा होता है तो यह पहला मौका होगा और शायद PCB के लिए सबसे महंगा फैसला भी होगा। अब देखना यह होगा कि क्या PCB अपने फैसले पर कायम रहेगा या ICC के दबाव में आकर मैदान में उतरेगा?
