इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में गुजरात टाइटंस (GT) के तेज गेंदबाज कैगिसो रबाडा 26 विकेट ले चुके हैं। रबडा सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में भुवनेश्वर कुमार के साथ टॉप पर हैं। भुवनेश्वर ने जहां प्रति ओवर 8 रन खर्चे हैं, वहीं रबाडा की इकॉनमी 9.48 की है। रबाडा विकेट तो निकाल रहे हैं लेकिन वह रनगित पर लगाम लगाने में विफल रहे हैं, जिससे GT की मुश्किलें बढ़ गई हैं। 


रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ क्वालिफायर 1 में रबाडा ने अपने पहले ही ओवर में विकेट झटक लिया था लेकिन फिर भी वह काफी महंगे रहे। उन्होंने 4 ओवर में 54 रन खर्चे। उनके खाते में 2 विकेट रहे।

 

यह भी पढ़ें: टीम इंडिया के कप्तान बनेंगे रजत पाटीदार? IPL के बाद सूर्या के भविष्य पर फैसला!

पावरप्ले में बनाया रिकॉर्ड

रबाडा ने वेंकटेश अय्यर का विकेट लेकर IPL में एक नया रिकॉर्ड बनाया। वह किसी एक IPL सीजन में पावरप्ले में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले गेंदबाज बने। उनके नाम मौजूदा सीजन में इस फेज में 18 विकेट हो गए हैं। उन्होंने मोहम्मद शमी को पीछे छोड़ा। शमी ने 2023 सीजन के दौरान पावरप्ले में 17 विकेट लिए थे।  

 

31 साल के रबाडा आसानी से बाउंड्री लीक कर रहे हैं, जिस कारण विपक्षी टीमों पर से दबाव हट जा रहा है। उनके नाम एक अनचाहा रिकॉर्ड भी जुड़ गया है। साउथ अफ्रीकी पेसर रबाडा ने IPL 2026 में अब तक 35 छक्के खाए हैं। किसी एक IPL सीजन में सबसे ज्यादा छक्के पिटवाने का शर्मनाक रिकॉर्ड अब उनके नाम जुड़ गया है। इससे पहले यह अनचाहा रिकॉर्ड अंशुल कम्बोज के नाम था। कम्बोज ने इसी सीजन में 34 खाए थे।

 

यह भी पढ़ें: विनेश फोगाट को ट्रायल्स में नहीं उतरने देगा WFI? सुप्रीम कोर्ट का खटखटाया दरवाजा

फाइनल की जंग में वापसी करेंगे रबाडा?

GT को क्वालिफायर 1 में RCB के हाथों करारी हार का सामना करना पड़ा था। अब वह क्वालिफायर 2 में राजस्थान रॉयल्स (RR) से भिड़ेगी। RR ने सनराइजर्स हैदराबाद को रौंदकर इस मुकाबले का टिकट कटाया है। अभ उसकी नजरें फाइनल में जगह बनाने पर है। रियान पराग की कप्तानी वाली टीम में वैभव सूर्यवंशी जैसा धुरंधर है। 15 साल के इस युवा बल्लेबाज ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एलिमिनेटर मुकाबले में महज 29 गेंद में 97 रन ठोक दिए थे। 

 

अगर GT को अपने तीसरे IPL फाइनल में एंट्री लेनी है, तो उसे वैभव को जल्दी आउट करना होगा। न्यू चंडीगढ़ में होने वाले क्वालिफायर 2 मुकाबले में GT की नजरें रबाडा पर रहेंगी, क्योंकि उनके पास वह काबिलियत है, जो वैभव के तूफान को रोक सकता है।