इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 61वें मुकाबले में पंजाब किंग्स (PBKS) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) का आमना-सामना हुआ। रविवार (17 मई) को धर्मशाला के HPCA स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में RCB ने PBKS को 23 रन से शिकस्त देकर प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली। साथ ही RCB का टॉप-2 में रहना तय हो गया है। 

 

RCB ने टॉस गंवाकर पहले बैटिंग करते हुए 4 विकेट के नुकसान पर 222 रन का स्कोर खड़ा किया था। इसके जवाब में PBKS 8 विकेट खोकर 199 रन ही बना सकी। यह उसकी लगातार छठी हार रही। वहीं धर्मशाला में PBKS ने लगातार तीसरा मुकाबला गंवाया। इस हार के बाद श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम का प्लेऑफ में पहुंचना मुश्किल हो गया है।

 

यह भी पढ़ें: अजमेर का दिलवाड़ा गांव बना फुटबॉल हब, अपने सपनों को उड़ान दे रहीं बेटियां

कोहली-अय्यर ने खेली अर्धशतकीय पारियां

पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर RCB की शुरुआत अच्छी नहीं रही। जैकब बेथेल 7 गेंद में 11 रन बनाकर चलते बने। इसके बाद विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल ने मोर्चा संभाला और दूसरे विकेट के लिए 76 रन की साझेदारी की। पडिक्कल 25 गेंद में 45 रन की पारी खेलकर आउट हुए। वहीं कोहली ने अर्धशतकीय पारी खेली। उन्होंने 37 गेंद में 4 चौके और 3 छक्कों की मदद से 58 रन बनाए। 

 

कोहली के आउट होने के बाद वेंकटेश अय्यर (40 गेंद में नाबाद 73 रन) और टिम डेविड (12 गेंद में नाबाद 28 रन) ने धमाकेदार बल्लेबाजी कर RCB को विशाल स्कोर तक पहुंचा दिया।

 

यह भी पढ़ें: अजमेर का दिलवाड़ा गांव बना फुटबॉल हब, अपने सपनों को उड़ान दे रहीं बेटियां

भुवनेश्वर ने PBKS को बैफुट पर धकेला

बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी PBKS को भुवनेश्वर कुमार ने दोहरा झटका देकर बैकफुट पर धकेल दिया। भुवनेश्वर ने पहले प्रियांश आर्य (0) का विकेट निकाला और फिर प्रभसिमरन सिंह (2) को देवदत्त पडिक्कल के हाथों लपकवा दिया। इसके बाद रसिल सलाम डार ने श्रेयस अय्यर को पवेलियन भेज PBKS के बल्लेबाजी क्रम की कमर तोड़ दी। 19 रन पर लगे 3 झटके से PBKS की टीम कभी उबर नहीं सकी। शशांक सिंह ने 27 गेंद में 56 रन की पारी खेली लेकिन PBKS लक्ष्य से काफी दूर रह गई।