डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के लिए IPL 2026 के पहले मैच में जोश हेजलवुड की कमी को लेकर थोड़ी चिंता जरूर थी लेकिन कप्तान रजत पाटीदार ने इसका भी जुगाड़ पहले से कर रखा था। असल में, हेजलवुड की जगह RCB ने जैकब डफी को प्लेइंग 11 में मौका दिया और उन्होंने आते ही कमाल कर दिया। ये मुकाबला डफी का IPL डेब्यू भी था और वह इस मौके पर पूरी तरह खरे उतरे और उन्होंने तीन विकेट लिए।

 

यह बात ध्यान देने वाली है कि IPL 2026 का पहला मैच RCB और SRH के बीच खेला गया। यह मैच 28 मार्च को बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में हुआ था। इस मैच में RCB ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। यह फैसला पूरी तरह से बेंगलुरु के पक्ष में रहा। इसकी वजह जैकब डफी की शानदार गेंदबाजी थी।

 

यह भी पढ़ें: IPL 2026 के पहले मैच में तीन खिलाड़ियों का डेब्यू, देखें RCB-SRH की प्लेइंग 11

डफी ने IPL डेब्यू में झटके 3 विकेट

अपने डेब्यू मैच में जैकब डफी ने अपनी गेंदबाजी के दौरान 5.50 की इकॉनमी रेट से 3 विकेट लिए। इन विकेटों में अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड और नीतीश कुमार रेड्डी के विकेट शामिल थे। खास बात यह है कि RCB ने डफी को IPL 2026 की नीलामी में उनकी बेस प्राइस 2 करोड़ रुपये में खरीदा था। 31 साल के जैकब डफी न्यूजीलैंड के एक गेंदबाज हैं, अब तक जिन्होंने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 62 विकेट लिए हैं।

क्यों नहीं खेले जोश हेजलवुड?

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के स्टार तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ सीजन के पहले मैच में नहीं खेल पाए। हेजलवुड 26 मार्च को टीम के साथ जुड़े थे लेकिन अभी वह पूरी तरह फिट नहीं हैं, इसलिए इस मैच में नहीं उतरेंगे। टीम मैनेजमेंट फिलहाल उनकी फिटनेस पर नजर रख रहा है और उम्मीद की जा रही है कि वो जल्द ही प्लेइंग इलेवन में वापसी कर सकते हैं।

 

यह भी पढ़ें: 'खिलाड़ियों की रिटायरमेंट के लिए पत्नियां जिम्मेदार,' क्या कह गए योगराज सिंह?

 

मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में हेड कोच एंडी फ्लावर ने भी साफ कर दिया था कि जोश हेजलवुड दिखने में फिट लग रहे हैं लेकिन अभी मैच खेलने के लिए पूरी तरह तैयार नहीं हैं। फ्लावर ने कहा, 'हेजलवुड कल ही टीम के साथ जुड़े हैं और काफी फिट नजर आ रहे हैं। मैंने तो उनसे मजाक में कहा कि वह पहले से भी ज्यादा यंग लग रहे हैं। उन्होंने अच्छा ब्रेक लिया है और खुद को फिट करने के लिए मेहनत भी की है। हम उनकी फिटनेस को लेकर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के संपर्क में हैं। टीम में उनका होना हमारे लिए अच्छा है लेकिन वह कल के मैच के लिए तैयार नहीं हैं। अभी हेजलवुड लंबी यात्रा करके आए हैं, इसलिए हम उनकी फिटनेस पर नजर रखेंगे और उम्मीद है कि वो जल्द ही IPL में खेलते नजर आएंगे।'