इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) का पहला मैच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच खेला गया। यह मैच 28 मार्च को बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में हुआ, जहां RCB ने 6 विकेट से एक आसान और बड़ी जीत हासिल की। इस मैच में जहां बेंगलुरु के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया, वहीं उनके बल्लेबाजों ने भी अपनी भूमिका बखूबी निभाई।
IPL 2026 के पहले मैच में RCB ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।यह फैसला जो पूरी तरह से बेंगलुरु के पक्ष में रहा। हालांकि SRH 20 ओवरों में 9 विकेट के नुकसान पर कुल 201 रन बनाने में कामयाब रही लेकिन बेंगलुरु ने इस लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया। RCB ने महज 15.4 ओवरों में ही सफलतापूर्वक लक्ष्य प्राप्त कर लिया।
यह भी पढ़ें: IPL 2026 के पहले मैच में तीन खिलाड़ियों का डेब्यू, देखें RCB-SRH की प्लेइंग 11
सनराइजर्स हैदराबाद की पारी
SRH की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। पावर प्ले में ही टीम ने 3 विकेट गंवा दिए और सिर्फ 49 रन ही बना पाई। इसके बाद मिडिल ऑर्डर में ईशान किशन ने जिम्मेदारी संभाली और पारी को अच्छे से आगे बढ़ाया। 7 से 15 ओवर के बीच हैदराबाद ने 2 विकेट खोकर 93 रन जोड़ लिए। फिर डेथ ओवर में RCB ने थोड़ी वापसी जरूर की, विकेट भी निकाले लेकिन रन रोकने में कामयाब नहीं हो पाई। 16 से 20 ओवर में सनराइजर्स हैदराबाद ने 4 विकेट खोकर 59 रन ठोक दिए। आखिर में SRH ने 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 201 रन का बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया।
SRH की ओर से ईशान किशन ने 38 गेंदों में 80 रन बनाए, जबकि अनिकेत वर्मा ने 18 गेंदों में 43 रन बनाए। दूसरी ओर RCB के लिए जैकब डफी और रोमारियो शेफर्ड ने 3-3 विकेट लिए। आपको बता दें कि यह डफी का IPL डेब्यू मैच था। इसके अलावा भुवनेश्वर कुमार, अभिनंदन सिंह और सुयश शर्मा ने 1-1 विकेट लिया।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की पारी
RCB ने मैच की शुरुआत ही धुआंधार अंदाज में की। पावर प्ले में टीम ने सिर्फ 1 विकेट खोकर 76 रन ठोक दिए। इसके बाद बेंगलुरु के बल्लेबाज रुके ही नहीं। मिडिल ऑर्डर में विराट कोहली ने देवदत्त पडिक्कल के साथ मिलकर 101 रन की शानदार साझेदारी की। फिर कोहली ने रजत पाटिदार के साथ भी 53 रन जोड़ दिए।
यह भी पढ़ें: IPL में इन 3 मैदानों पर पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम का पलड़ा भारी
7 से 15 ओवर के बीच RCB ने 3 विकेट खोकर 109 रन बना डाले। इसके बाद डेथ ओवर शुरू होते ही पहले ही ओवर में 18 रन आ गए। आखिरकार RCB ने 15.4 ओवर में 4 विकेट खोकर 203 रन बना लिए और 26 गेंद बाकी रहते ही 6 विकेट से मैच अपने नाम कर लिया।
RCB की ओर से विराट कोहली ने सबसे ज्यादा 69 रन बनाए और नाबाद रहे, जबकि देवदत्त पडिक्कल ने 61 रनों का योगदान दिया। कप्तान रजत पाटीदार ने छोटी लेकिन असरदार पारी खेलते हुए 31 रन बनाए। दूसरी ओर, SRH के लिए डेविड पेन ने 2 विकेट लिए, जबकि हर्ष दुबे और जयदेव उनादकट ने एक-एक विकेट हासिल किया।
हैदराबाद से कहां हुई चूक?
SRH की शुरुआत काफी खराब रही। ओपनर शुरुआती ओवरों में ही आउट होकर चलते बने और यहीं से टीम दबाव में आ गई। इसके बाद ईशान किशन, हेनरिक क्लासेन और अनिकेत वर्मा को छोड़ दें तो बाकी कोई भी बल्लेबाज डिजिट के स्कोर को नहीं पार नहीं कर पाया।
यह भी पढ़ें: 'खिलाड़ियों की रिटायरमेंट के लिए पत्नियां जिम्मेदार,' क्या कह गए योगराज सिंह?
गेंदबाजी में भी टीम पूरी तरह बिखरी नजर आई। खासकर पैट कमिंस की कमी साफ दिखी। SRH के गेंदबाजों ने विकेट लेने से ज्यादा रन लुटाने पर ध्यान दे दिया, जिसकी वजह से मुकाबला हाथ से निकल गया।
