IPL 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन ने शानदार वापसी करते हुए एक ऐतिहासिक शतक जड़ा। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेले गए मैच में सैमसन ने CSK की जर्सी में सिर्फ 52 गेंदों में अपना पहला IPL शतक पूरा किया। यह न केवल उनके IPL करियर का एक खास पल था, बल्कि यह इस सीजन का पहला शतक भी बन गया। सैमसन ने यह कारनामा IPL 2026 के 18वें मैच में किया। जो चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला गया था। इस शतक के साथ सैमसन ने एमएस धोनी का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है।

 

राजस्थान रॉयल्स से ट्रेड होकर CSK में शामिल हुए संजू सैमसन की शुरुआत इस सीजन में निराशाजनक रही थी। उन्होंने शुरुआती तीन मैचों में क्रमशः 6, 7 और 9 रन बनाए थे। हालांकि, टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन के बाद उनसे बड़ी उम्मीदें थीं और इस मुकाबले में उन्होंने उन उम्मीदों को सही साबित कर दिया।

 

यह भी पढ़ें: 16 गेंदों में प्रियांश आर्य ने जड़ी फिफ्टी, इस रिकॉर्ड में निकोलस पूरन को पछाड़ा

धोनी का 5 साल पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त

इस ऐतिहासिक पारी के साथ संजू सैमसन IPL इतिहास में CSKके लिए शतक लगाने वाले पहले विकेटकीपर-बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले CSK के किसी भी विकेटकीपर द्वारा बनाया गया सर्वोच्च स्कोर एमएस धोनी के नाम था। जिन्होंने 2019 में RCB के खिलाफ 84 रनों की पारी खेली थी। संजू अब धोनी को पछाड़कर चेन्नई के लिए सबसे बड़ी पारी खेलने वाले विकेटकीपर बन गए हैं। साथ ही, वह तीन अलग-अलग IPL फ्रेंचाइजी के लिए शतक जड़ने वाले इकलौते बल्लेबाज भी बन गए हैं।

सबसे ज्यादा शतकों की लिस्ट में दिग्गजों की बराबरी

संजू सैमसन का यह IPL करियर का चौथा शतक है। इसके साथ ही उन्होंने सबसे ज्यादा शतकों के मामले में गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल, शेन वॉटसन और डेविड वॉर्नर की बराबरी कर ली है। IPL में सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड विराट कोहली (8) के नाम है, जिसके बाद जोस बटलर (7) और क्रिस गेल (6) का नंबर आता है। संजू अब चेन्नई के उन चुनिंदा 9 बल्लेबाजों की लिस्ट में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने IPL में पीली जर्सी पहनकर सेंचुरी मारी है।

 

यह भी पढ़ें: IPL 2026: PBKS ने जीता लगातार तीसरा मैच, SRH को 6 विकेट से हराया

वापसी को लेकर क्या बोले सैमसन

मैच के बाद संजू सैमसन ने कहा कि शुरुआती तीन मैचों में असफल रहने के बाद उनके मन में काफी संदेह थे। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपनी बेसिक्स पर भरोसा रखा और अपनी नैचुरल गेम खेलने पर ध्यान दिया। सैमसन ने कहा, 'खराब पारियों के बाद दिमाग में कई सवाल आते हैं लेकिन मैंने खुद पर भरोसा बनाए रखा और वही खेलने की कोशिश की जो मेरे लिए काम करता है।' सैमसन की इस शानदार पारी ने CSK को मजबूती दी और यह दिखाया कि बड़े खिलाड़ी मुश्किल समय में ही अपनी असली काबिलियत साबित करते हैं।