भारत के लिए मलेशिया मास्टर्स सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट में निराशाजनक दिन में मालविका बंसोड़ और अश्मिता चालिहा ही उम्मीद की किरण बनकर उभरीं, जिन्होंने महिला सिंगल्स में शानदार जीत दर्ज करते हुए दूसरे दौर में जगह बनाई। ACL (एंटीरियर क्रूसिएट लिगामेंट) चोट से उबरने के बाद वापसी कर रहीं मालविका ने जर्मनी की दुनिया की 52वें नंबर की खिलाड़ी यवोन ली को 21-17, 16-21, 21-9 से शिकस्त दी।

 

अश्मिता ने इंडोनेशिया की दुनिया की 56वें ​​नंबर की खिलाड़ी थालिता रमाधनी विरियावान पर 21-16, 21-13 से आसान जीत दर्ज की। अब मालविका डेनमार्क की आठवीं वरीय लाइन होजमार्क कजर्सफेल्ट से भिड़ेंगी, जबकि अश्मिता का सामना मलेशिया की गोह जिन वेई से होगा।

 

यह भी पढ़ें: KKR के लिए करो या मरो की जंग, मुंबई इंडियंस करेगी काम तमाम?

उलटफेर का शिकार हुए लक्ष्य सेन 

पुरुष सिंगल्स में भारत की सबसे बड़ी उम्मीद और आठवें वरीय लक्ष्य सेन को इंडोनेशिया के दुनिया के 38वें नंबर के खिलाड़ी मोहम्मद जकी उबैदुल्लाह के खिलाफ 17-21, 11-21 से उलटफेर का सामना करना पड़ा, जिससे वह टूर्नामेंट से बाहर हो गए। इसके बाद 2023 एशियन गेम्स और वर्ल्ड चैंपियनशिप के ब्रॉन्ज मेडलिस्ट एचएस प्रणय को भी जापान के छठे वरीय कोदाई नाराओका के खिलाफ 80 मिनट तक चले मुकाबले में 17-21, 22-20, 22-24 से हार का सामना करना पड़ा।

 

किरण जॉर्ज फ्रांस के सातवें वरीय एलेक्स लानियर के खिलाफ 15-21, 1-6 से पिछड़ने के बाद रिटायर हो गए। भारत के तरुण मन्नेपल्ली ने एक गेम की बढ़त गंवा दी और चीनी ताइपे के वांग पो-वेई से 21-17, 14-21, 8-21 से हार गए। महिला सिंगल्स में अनमोल खरब कड़ा संघर्ष करने के बावजूद डेनमार्क की आठवीं वरीय लाइन क्रिस्टोफरसेन कजर्सफेल्ट से 21-13, 16-21, 19-21 से हार गईं।

 

यह भी पढ़ें: पाकिस्तान की हार से टीम इंडिया को लगा झटका, WTC रैंकिंग में बड़ा उलटफेर

डबल्स में भी मिली हार

भारत की आशिथ सूर्या और अमृता प्रमुतेश की मिक्स्ड डबल्स जोड़ी शुरुआती दौर में इंडोनेशिया के बॉबी सेतियाबुदी और मेलाती देवा ओक्तावियांती से 13-21, 18-21 से हारकर बाहर हो गईं। महिला डबल्स में रुतापर्णा पांडा और स्वेतापर्णा पांडा बहनें रिन इवानागा और की नाकानिशी की जापानी की दूसरी वरीय और दुनिया की सातवें नंबर की जोड़ी से 7-21, 6-21 से बुरी तरह हारीं।