इंडियन प्रीमियर लीग ( IPL ) 2026 के 65वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और मुंबई इंडियंस (MI) का आमना-सामना हुआ। कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डंस स्टेडियम में बुधवार (20 मई) को खेले गए इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर MI की टीम निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 147 रन ही बना सकी। मौजूदा सीजन में पहले बैटिंग करने वाली किसी टीम का यह चौथा सबसे छोटा स्कोर रहा।

 

पिच से मिल रही मदद का फायदा उठाते हुए KKR ने पावरप्ले में MI के 4 विकेट चटका दिए थे। कैमरन ग्रीन ने तीसरे ओवर में रायन रिकलटन (6) और नमन धीर (0) को पवेलियन भेजा तो इसके बाद सौरभ दुबे ने लगातार ओवरों में रोहित शर्मा (15) और सूर्यकुमार यादव (15) को पवेलियन की राह दिखाई। MI की टीम इन झटकों से कभी उबर ही नहीं पाई और चुनौतीपूर्ण स्कोर तक नहीं पहुंच सकी।

 

यह भी पढ़ें: कब से शुरू हो रही है रणजी ट्रॉफी? BCCI ने जारी किया शेड्यूल

बारिश के बाद भी जारी रहा MI का संघर्ष

MI की पारी में 8 ओवर का ही खेल हुआ था कि बारिश के कारण मुकाबला बीच में रोकना पड़ा। लगभग एक घंटे के बाद जब खेल दोबारा शुरू हुआ तब उम्मीद की जा रही थी कि कप्तान हार्दिक पंड्या और तिलक वर्मा MI की पारी को पटरी पर लाएंगे लेकिन वे क्रीज पर समय बिताने के बावजूद बड़े शॉट नहीं लगा सके। तिलक वर्मा 32 गेंद खेलकर 20 रन ही बना पाए। उन्होंने अपनी पहली और इकलौती बाउंड्री 25वीं गेंद पर लगाई। वह IPL 2026 में पहली बाउंड्री लगाने के लिए सबसे ज्यादा गेंद खेलने वाले बल्लेबाज बने। इससे पहले यह अनचाहा रिकॉर्ड रवींद्र जडेजा के नाम था, जिन्होंने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ पहली बाउंड्री अपनी 24वीं गेंद पर लगाया था।

 

तिलक 14वें ओवर में आउट हुए। उनके जाने के बाद हार्दिक पंड्या भी ज्यादा देर तक नहीं टिक पाए और सुनील नारायण ने उनका संघर्ष समाप्त किया। हार्दिक ने 27 गेंद में 26 रन बनाए। MI की टीम 130 तक भी पहुंचती नहीं दिख रही थी लेकिन कॉर्बिन बॉश ने 18 गेंद में नाबाद 32 रन ठोक उसे 150 के करीब लेकर गए। अब देखना होगा कि बोर्ड पर इतने रन काफी होते हैं या नहीं।

 

KKR की ओर से कैमरन ग्रीन, सौरभ दुबे और कार्तिक त्यागी ने 2-2 विकेट लिए। सुनील नारायण ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 13 रन देकर 1 विकेट लिया।

 

यह भी पढ़ें: मलेशिया मास्टर्स: उलटफेर का शिकार हुए लक्ष्य सेन, वर्ल्ड नंबर-38 से हारे

दोनों टीमों की प्लेइंग-XI:

मुंबई इंडियंस - रायन रिकलटन (विकेटकीपर), रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, नमन धीर, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या (कप्तान), विल जैक्स, कॉर्बिन बॉश, दीपक चाहर, जसप्रीत बुमराह , रघु शर्मा

 

इम्पैक्ट प्लेयर - एएम गजनफर

 

कोलकाता नाइट राइडर्स - अजिंक्य रहाणे (कप्तान), अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), कैमरन ग्रीन, रोवमन पॉवेल, मनीष पांडे, रिंकू सिंह, सुनील नारायण, अनुकूल रॉय, वरुण चक्रवर्ती, सौरभ दुबे, कार्तिक त्यागी

 

इम्पैक्ट प्लेयर - फिन एलन