श्रीलंका के दिग्गज खिलाड़ी महेला जयवर्धने ने 5 बार की IPL चैंपियन मुंबई इंडियंस के हेड कोच पद से इस्तीफा दे दिया है। फ्रेंचाइजी ने शनिवार को इसकी पुष्टि की। MI के हेड कोच के तौर पर जयवर्धने का यह दूसरा कार्यकाल था। उन्होंने अपने पहले कार्यकाल में MI को तीन IPL खिताब जिताए थे। जयवर्धने का यह कार्यकाल 2017 से 2022 तक चला था। इसके बाद उन्होंने 2025 सीजन से पहले फिर से हेड कोच की जिम्मेदारी संभाली और 2026 तक काम किया।
MI की मालकिन नीता अंबानी ने जयवर्धने की विदाई पर कहा कि उन्होंने टीम की सफलता में अहम योगदान दिया। नीता अंबानी ने अपने बयान में कहा, 'महेला ने वर्षों से मुंबई इंडियंस में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनका शांतचित्त रहकर नेतृत्व करना, ईमानदारी और खेल के प्रति गहरा लगाव हमारे लिए बहुत मायने रखता है। मैं मुंबई इंडियंस के परिवार की तरफ से महेला का उनके वर्षों के अमूल्य योगदान और अटूट प्रतिबद्धता के लिए आभार व्यक्त करती हूं।'
यह भी पढ़ें: 40 खिलाड़ी, 80 ओवर का मैच; पहली बार लड़के-लड़कियां एक साथ खेलेंगे क्रिकेट
जयवर्धने क्या बोले?
जयवर्धने ने भी टीम के साथ अपने लंबे जुड़ाव को याद करते हुए फ्रेंचाइजी और उसके मालिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, 'मुंबई इंडियंस पिछले एक दशक से मेरे सफर का एक बेहद खास हिस्सा रही है। खिलाड़ी, कोचिंग टीम, वनफैमिली का अविश्वसनीय समर्थन और सबसे बढ़कर प्रशंसकों ने इसे ऐसा अनुभव बना दिया है जिसे मैं हमेशा याद रखूंगा।' जयवर्धने के हेड कोच के रूप में पहले कार्यकाल में MI को 2017, 2019 और 2020 में तीन IPL खिताब जीते थे।
यह भी पढ़ें: न्यूजीलैंड दौरे के लिए टेस्ट और वनडे टीम का ऐलान, किन नामों ने चौंकाया?
उन्हें 2025 के सीजन से पहले मार्क बाउचर की जगह फिर से हेड कोच नियुक्त किया गया था। मुंबई इंडियंस IPL 2025 में चौथे स्थान पर रही थी, जबकि 2026 में उसका अभियान अच्छा नहीं रहा और 5 बार की चैंपियन टीम 9वें स्थान पर रही थी। MI को अब 15 नवंबर को IPL में खिलाड़ियों को रिटेन करने की अंतिम तिथि से पहले नया हेड कोच नियुक्त करना होगा। IPL की नीलामी दिसंबर में गोवा में होने की संभावना है।
