नीरज चोपड़ा ने लुसाने डायमंड लीग में बेहतरीन खेल दिखाते हुए सीजन का अपना बेस्ट थ्रो फेंका। भारतीय जैवलिन स्टार ने 88.05 मीटर दूर भाला फेंक दूसरा स्थान हासिल किया। श्रीलंका के रुमेश पथिरागे थरंगा ने उनसे सिर्फ 9 सेंटीमीटर की बढ़त के साथ पहले स्थान पर फिनिश किया। ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स (86.69) तीसरे स्थान पर रहे।
डबल ओलंपिक मेडलिस्ट नीरज हालिया समय में चोटों से जूझते रहे हैं। उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में वापसी करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया था। यहां भी रुमेश उनसे आगे रहे थे। नीरज अब एशियन गेम्स में उतरेंगे।
यह भी पढ़ें: हॉकी वर्ल्ड कप से पाकिस्तान बाहर, भारत ने 5-3 से हराकर अगले राउंड में बनाई जगह
दूसरे प्रयास में नीरज ने दिखाया दम
नीरज चोपड़ा ने मुकाबले की शुरुआत कुछ खास नहीं की थी। वह अपने पहले प्रयास में 83.54 मीटर का ही थ्रो कर सके थे। वहीं रुमेश ने पहले प्रयास में ही 85.99 मीटर का थ्रो किया था। दूसरे प्रयास में नीरज ने दम दिखाया और 88.05 मीटर का थ्रो कर पहला स्थान हासिल कर लिया। रुमेश दूसरे प्रयास में 87.06 मीटर का थ्रो ही कर सके। नीरज का तीसरा प्रयास उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा और उन्होंने 83.72 मीटर का थ्रो किया।
रुमेश ने तीसरे प्रयास में 88.14 मीटर के थ्रो के साथ एक बार फिर पहला स्थान हासिल कर लिया। नीरज अपने चौथे प्रयास में फाउल कर बैठे, जबकि रुमेश का थ्रो भी ज्यादा दूरी तय नहीं कर सका। नीरज ने अपने पांचवें प्रयास में थ्रो नहीं किया, जबकि छठे प्रयास में वह 82.15 मीटर का ही थ्रो लगा पाए। रुमेश अपने पांचवें और छठे प्रयास में फाउल कर बैठे। हालांकि रुमेश का तीसरा थ्रो उनके लिए निर्णायक साबित हुआ।
यह भी पढ़ें: मेंस हॉकी वर्ल्ड कप में किन मोर्चों पर फेल हो रही है टीम इंडिया?
सीजन के बेस्ट थ्रो के बाद नीरज क्या बोले?
नीरज ने सीजन का बेस्ट थ्रो करने के बाद कहा, 'मुझे नहीं पता था कि सिर्फ 9 सेंटीमीटर की बात थी। यह काफी करीब था लेकिन मैं 88 मीटर के थ्रो से काफी खुश हूं। ईमानदारी से कहूं तो मुझे पता ही नहीं चला कि ये 88 मीटर कब चला गया। मैं काफी रिलेक्स महूसस कर रहा था। मैंने काफी कोशिश की फिर अपनी तकनीक पर भरोसा रखा।'
